झारखण्ड-बिहार में बाबा ग्रुप के ठिकानों पर आयकर छापेमारी, घर में मिले 1.25 करोड़ कैश,छापेमारी जारी..

 

राँची।आयकर विभाग की टीम ने बाबा ग्रुप से जुड़े कारोबारियों और आढ़तियों के सभी 40 ठिकानों पर शुक्रवार को दूसरे दिन भी अपनी छापेमारी जारी रखी। इस दौरान सभी के यहां दस्तावेज खंगाले गए। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार को छापेमारी के दौरान बाबा ग्रुप से जुड़े एक कारोबारी के यहां से 1.25 करोड़ रुपये कैश बरामद किए गए। इसके अलावा बिहार के गयाजी और औरंगाबाद स्थित चावल कारोबारियों के ठिकानों से भारी मात्रा में नकदी और जेवर मिले हैं। आयकर विभाग इनके मूल्यांकन में जुट गई है। आयकर सूत्रों के अनुसार यह कार्रवाई आज शनिवार को भी जारी है।

इससे पहले आयकर विभाग की टीम को आढ़तियों के ठिकानों से कच्चे व्यापार से जुड़े अहम दस्तावेज मिले। वहीं, राँची में टीम ने नगड़ी, कांके रोड, हरमू रोड और बरियातू इलाके में बाबा एग्रो फूड और बाबा फूड प्रोसेसिंग से जुड़े परिसरों की तलाशी ली। इस दौरान कई दस्तावेज जब्त किए गए। इसके अलावा नगड़ी के बंधेया स्थित बाबा राइस मिल, मेला टिकरा के पास स्थित दोनों राइस मिलों में शुक्रवार को भी टीम कागजात खंगालने में जुटी रही।

बता दें कि आयकर विभाग राँची की अनुसंधान शाखा ने बीते गुरुवार को बाबा ग्रुप और उससे जुड़े अनाज कारोबारियों के झारखण्ड और बिहार में 40 ठिकानों पर छापेमारी शुरू की थी। पहले दिन बड़ी संख्या में डिजिटल और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए थे। इस दस्तावेजों को खंगालने में टीम लगातार जुटी हुई है। बताया जा रहा है टैक्स चोरी के मामले में यह छापेमारी हो रही है।

आयकर विभाग की टीम शनिवार को भी बाबा ग्रुप के हरमू रोड, कांके रोड, बरियातू और नगड़ी के बंधेया स्थित बाबा ग्रुप से जुड़े आवास, कार्यालय, मिल और समूह से जुड़े लोगों के ठिकानों पर कागाजतों को खंगाल रही है। बता दें कि बिहार के पटना, औरंगाबाद और गयाजी स्थित ठिकानों पर छापेमारी की गई है। इसमें राँची के 10, गयाजी और औरंगाबाद के 10-10 ठिकाने शामिल हैं। वहीं, शेष ठिकाने जमशेदपुर और पटना में हैं। इन ठिकानों पर गुरुवार से ही कार्रवाई चल रही है।

error: Content is protected !!