राजधानी राँची में दिनदहाड़े अनिल टाइगर की हत्या के विरोध में राँची बंद, कहीं प्रदर्शन तो कहीं आगजनी,भैरों सिंह और प्रतुल शाहदेव समेत कई भाजपा नेता को हिरासत में लिया गया.….
राँची।राजधानी राँची में पूर्व जिला परिषद सदस्य सह भाजपा नेता अनिल टाइगर के हत्या के विरोध में आहूत राँची बंद का राजधानी राँची में व्यापक असर दिख रहा है।राँची के कांके चौक सहित दर्जनों स्थनों पर हत्या के विरोध में प्रदर्शन किए जा रहे हैं। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ के साथ-साथ दर्जनों भाजपा नेता सड़कों पर उतरकर बंद को समर्थन दे रहे हैं।वहीं, दूसरी तरफ राँची पुलिस ने एहतियातन भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव और सामाजिक सह हिंदूवादी नेता भैरव सिंह जैसे कई भाजपा नेताओं को हिरासत में ले लिया है।
बता दें अनिल टाइगर की हत्या के खिलाफ बुलाए गए बन्द का राजधानी राँची के लगभग सभी इलाकों में व्यापक असर दिख रहा है।शहर और ग्रामीण दोनों ही इलाकों में सुबह से ही भाजपा कार्यकर्ता और भाजपा के बड़े नेता सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन कर रहे हैं।रातू रोड में देश के रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बंद को सफल बनाने के लिए सड़क मार्च किया।
भाजपा के कई नेता अपने-अपने क्षेत्र में बंद को सफल बनाने के लिए सुबह से ही सड़क पर उतरे हुए हैं।सबसे ज्यादा बन्द का असर राँची के कांके इलाके में नजर आ रहा है। कांके इलाके में ही बुधवार की शाम अनिल टाइगर की गोली मारकर हत्या की गई थी। हत्या के विरोध में बुधवार की सुबह से ही कांके चौक को पूरी तरह से जाम कर दिया गया है। जगह-जगह पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया जा रहा है।
राँची बंद को लेकर राँची के लगभग सभी स्कूल गुरुवार को बंद है।व्यापारिक प्रतिष्ठान, छोटे दुकान, बाजार और हाट भी बंद है।अरगोड़ा, किशोर गंज, बरियातू,ओरमांझी,अनगड़ा, नामकुम,चुटिया, अरगोड़ा, बेड़ो ,धुर्वा ,खलारी ,कांके रातू ,रातू रोड ,बूटी मोड़ पर भाजपा कार्यकर्ता सड़क जमकर प्रदर्शन करते नजर आए हैं।
इधर राँची पुलिस ने संवेदनशीलता को देखते हुए भाजपा नेता प्रतुल शाहदेव और भैरव सिंह को सुबह से ही हिरासत में रखा है।वहीं, राजधानी विभिन्न इलाकों से प्रदर्शन कर रहे 100 से ज्यादा भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।
राँची बंद को लेकर पुलिस प्रशासन ने विशेष इंतजाम किये हैं। 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है।वहीं, विधि-व्यवस्था के लिए चार प्रशिक्षु डीएसपी सहित 12 डीएसपी और थाना प्रभारी समेत दो दर्जन से इंस्पेक्ट की तैनाती की गयी है। हर पॉइंट पर सुरक्षा का विशेष इंतजाम किया गया है। चौक‐चौराहे पर ड्रोन कैमरा,सीसीटीवी, वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी के माध्यम से बंद समर्थकों पर नजर रखी जा रही है।सिटी एसपी सहित कई डीएसपी सड़कों पर गश्त लगा रहे हैं।सिटी एसपी राज कुमार मेहता ने कहा कि पूर्व की बंदी की तरह इस बंदी में भी जिला पुलिस और प्रशासन के लोग मुस्तैद हैं।सीसीटीवी के कंट्रोल रूम में अधिकारी मौजूद हैं, जो गड़बड़ी फैलाने वालों को चिन्हित कर उसका फुटेज रखेंगे।बंद को लेकर रैप, जैप, इको, जैप की महिला बटालियन, वज्र वाहन, रंगीन पानी का टैंकर, आश्रु गैस और फायर ब्रिगेड की तैनाती की गयी है।