लातेहार जिले में भारी बारिश:नदी में गिरा गेंहू लदा ट्रक, कोयला उठाने गया ट्रक भी नाले में डूबा…
लातेहार।झारखण्ड कई जिलों में पिछले 24 घंटे में हुई बारिश के बाद बारिश का रौद्र रूप सामने आने लगा है। इस बारिश के कारण दो ट्रक नदी में डूब गए। हालांकि गनीमत रही कि किसी व्यक्ति को कोई नुकसान नहीं पहुंचा।दोनों ट्रक लातेहार जिले के अलग-अलग स्थानों पर डूबे।
पहली घटना लातेहार और मनिका के बीच एनएच पर बने डायवर्सन पर हुई।जहां एक ट्रक अनियंत्रित होकर नदी में गिर गया। बाद में डायवर्सन टूटने के बाद जब नदी का जलस्तर कम हुआ तो ट्रक दिखाई दिया। हालांकि सड़क निर्माण कार्य में लगी कंपनी द्वारा विकल्प के तौर पर नया डायवर्सन तैयार रखा गया था, जिसके कारण वाहनों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ। लेकिन गेहूं लदे ट्रक के पानी में डूबने से भारी क्षति हुई है।दरअसल, लातेहार से पलामू तक फोरलेन सड़क का निर्माण कार्य चल रहा है।इस कारण पक्की सड़क को चौड़ा करने के लिए कई जगहों पर डायवर्सन का निर्माण किया गया है लातेहार और मनिका के बीच दोमुहान नदी के पास भी डायवर्सन बनाया गया था। लेकिन डायवर्सन में जलनिकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण पिछले 24 घंटे में हुई मूसलाधार बारिश के कारण नदी का पानी डायवर्सन के ऊपर से बहने लगा।इसी दौरान वहां से गेहूं लदा ट्रक गुजर रहा था. जो इसमें गिर गया।
कोयला उठाने आया ट्रक लाने में गिरा
वहीं दूसरी घटना बालूमाथ प्रखंड स्थित तेतरिया कोलियरी की है। जहां कोयला उठाने आया एक ट्रक नदी में गिर गया।हालांकि समय रहते क्रेन के जरिए ट्रक को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। दरअसल, कोलियरी के पास स्थित एक बरसाती नाले के किनारे एक ट्रक खड़ा था। इधर, लगातार हो रही बारिश के कारण नाले में पानी भर गया, जिससे मिट्टी का कटाव शुरू हो गया।जब तक लोग कुछ समझ पाते मिट्टी धंस गई और ट्रक का अगला हिस्सा नाले में जा गिरा।गनीमत रही कि ट्रक का ड्राइवर वाहन में नहीं था।उधर, ट्रक को नाले में गिरता देख वहां मौजूद लोग भी डर गए।हालांकि, ट्रक नाले के तेज बहाव में नहीं पहुंचा क्योंकि ट्रक का पिछला हिस्सा नाले के ऊपर ही रह गया। बाद में आनन-फानन में कोलियरी से क्रेन बुलाई गई और कड़ी मशक्कत के बाद ट्रक को नाले से सुरक्षित बाहर निकाला गया।
इधर, स्थानीय लोगों ने बताया कि नाले में बहाव इतना तेज था कि अगर ट्रक का पूरा हिस्सा नाले में गिर जाता तो काफी नुकसान हो सकता था। लोगों ने बताया कि बारिश इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में नाले में काफी बाढ़ आ गई और मिट्टी का कटाव भी तेजी से हुआ।
पिछले 24 घंटे से लगातार हो रही बारिश के कारण लगभग सभी नदी-नालों में बाढ़ आ गई है।नदी में आई बाढ़ के कारण लातेहार सदर प्रखंड के जारम, माराबार, हेसलबार आदि गांव के ग्रामीणों का संपर्क प्रखंड मुख्यालय और जिला मुख्यालय से पूरी तरह कट गया है।इसके अलावा महुआडांड़, गारू आदि प्रखंडों के कई गांव भी प्रखंड मुख्यालय से पूरी तरह कट गए हैं।करीब 6 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद महुआडांड़-गारू पथ के डायवर्सन की मरम्मत कर दी गई। अब इस सड़क पर यात्री वाहनों की आवाजाही भी शुरू हो गई है।डायवर्सन की मरम्मत के लिए डायवर्सन में बड़ी संख्या में बालू से भरी बोरियां रखी गई. जिससे सड़क पर बड़े यात्री वाहनों की आवाजाही भी सामान्य रूप से शुरू हो गई।

