हजारीबाग में पूर्व सीएम बाबूलाल मरांडी की बहू के साथ बदसलूकी तथा उनके चालक के साथ मारपीट,पुलिस जांच में जुटी
हज़ारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के अमृत नगर इलाके में पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी की बहू के साथ बदसलूकी तथा उनके चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। घटना उस समय हुई जब मरांडी की बहू प्रीति किस्कू गिरिडीह से राँची की ओर जा रही थीं। इसी दौरान अमृत नगर में विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई और कुछ लोगों ने गाड़ी को रोककर बहू के साथ अभद्र व्यवहार किया तथा चालक के साथ मारपीट की है।
मौके पर पुलिस मौजूद होने के बावजूद हालात को नियंत्रित करने में ढिलाई बरती गई, जिससे प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठने लगे। घटना के बाद प्रीति किस्कू ने अमृत नगर पूजा समिति के सदस्यों के खिलाफ मुफ्फसिल थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत दर्ज होते ही प्रशासन ने कार्रवाई शुरू की। आईजी सुनील भास्कर ने हजारीबाग एसपी को निर्देश दिया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए दोषियों की तुरंत गिरफ्तारी की जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। इसके बाद पुलिस सक्रिय हो गई और पूरे मामले की जांच तेजी से की जा रही है।
वहीं, अमृत नगर पूजा समिति के अध्यक्ष और स्थानीय मुखिया ने इस घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने बाबूलाल मरांडी की बहू से खेद जताते हुए माफी मांगी। स्थानीय लोगों ने कहा कि इस तरह की घटनाएं सामाजिक सौहार्द को आघात पहुंचाती हैं और प्रशासन को दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। फिलहाल इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। लोग प्रशासन के कदम पर नजर बनाए हुए हैं। अब यह देखना बाकी है कि पुलिस कितनी जल्द दोषियों को पकड़कर कानून के हवाले करती है और मामले को शांत करती है।

