गिरिडीह के देवरी में हाइवा ने महिला को कुचला,भड़के ग्रामीणों ने वाहन फूंका…

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में हीरोडीह थाना क्षेत्र के किसगो रानीबांध गांव में शुक्रवार की रात हाइवा की चपेट में आने से करीब 60 वर्षीया महिला की मौत हो गयी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने हाइवा में आग लगा दी। मृतका बिहार के बांका जिले के बौंसी थाना अंतर्गत एकहरी गांव की रहनेवाली बतायी जा रही है।शुक्रवार रात वह किसगो स्थित अपने रिश्तेदार के घर से गादिकला में रहनेवाली बहन के घर जा रही थी।इसी दौरान सड़क पार करने के क्रम में तेज रफ्तार हाइवा ने उसे अपनी चपेट में ले लिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गयी। घटना के बाद चालक हाइवा लेकर भागने लगा।इससे गुस्साये ग्रामीणों ने वाहन को रोक लिया और उसमें आग लगा दी।कुछ ही देर में हाइवा धू-धू कर जलने लगा। सूचना मिलने पर हीरोडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी महेश चंद्रा ने बताया कि हाइवा की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है। वाहन में आग लगाने की घटना की भी जांच की जा रही है।आज शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।आगे की कारवाई जारी है।

error: Content is protected !!