चाईबासा में प्रभारी डीजीपी तदाशा मिश्रा ने नक्सल अभियान की उच्चस्तरीय समीक्षा की…
चाईबासा।झारखण्ड की प्रभारी डीजीपी तदाशा मिश्रा बुधवार को चाईबासा दौरे पर पहुंचीं। उन्होंने यहां नक्सलियों के खिलाफ जारी अभियान की उच्चस्तरीय समीक्षा की। टाटा कॉलेज मैदान स्थित हेलीपैड पर कोल्हान रेंज के डीआईजी अनुरंजन किस्पोट्टा, उपायुक्त चंदन कुमार,एसपी अमित रेणु सहित वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया, जिसके बाद उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
हेलीपैड से डीजीपी मिश्रा सीधे जिला समाहरणालय स्थित पुलिस कार्यालय सभागार पहुंचीं। इस बैठक में जिले में चल रहे सर्च ऑपरेशन, जंगल क्षेत्र में अभियान के दौरान आने वाली चुनौतियों, सुरक्षा बलों की तैनाती, समन्वय और संसाधन संबंधी मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
डीजीपी ने कहा कि नक्सलियों के खिलाफ अभियान की वास्तविक कठिनाई इसके जमीनी कार्यान्वयन में होती है। उन्होंने ऐसे अभियानों में पुलिस के साथ वन विभाग और सिविल प्रशासन के सहयोग को बेहद महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इन्हीं सभी बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई है।
उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में स्थिति बेहतर होगी और अभियान अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ेगा। डीजीपी ने कहा कि नक्सल उन्मूलन में ठोस प्रगति के लिए सुरक्षा बलों की तैनाती, प्रबंधन और समन्वय को मजबूत करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
अपने नए दायित्व के बारे में पूछे जाने पर डीजीपी मिश्रा ने टीमवर्क में विश्वास व्यक्त किया। उन्होंने सीआरपीएफ, कोबरा और राज्य पुलिस के अनुभवी अधिकारियों व जवानों को अपनी बड़ी ताकत बताया। उनका मुख्य लक्ष्य सभी अभियानों और ऑपरेशनों को सुचारु, सुरक्षित और प्रभावी ढंग से संचालित करना है।

