Ranchi:पंडरा ओपी क्षेत्र में दिनदहाड़े चोरी,चोरों ने घर से 7 लाख नकद व जेवरात उड़ाए..
राँची। राजधानी राँची के पंडरा ओपी क्षेत्र में घर का ताला तोड़कर नकद और जेवरात चोरी करने का मामला सामने आया है। ओझा मार्केट के समीप पिस्का मोड़ निवासी सुभदा राम के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने अज्ञात अपराधियों के खिलाफ जांच शुरू कर दी है। पीड़िता के अनुसार 27 फरवरी 2026 को वह अपनी बेटी के साथ डोरंडा स्थित कुसई कॉलोनी गई हुई थीं। दोपहर करीब 2:30 बजे जब वह घर लौटीं तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद था। संदेह होने पर पीछे जाकर देखा तो पिछला दरवाजा टूटा हुआ मिला। पड़ोसियों को बुलाकर घर के अंदर प्रवेश करने पर सामान बिखरा हुआ पाया गया और अलमारी का लॉक टूटा हुआ था। पीड़िता ने बताया कि अलमारी में रखे 7 लाख रुपये नकद, सोने की चेन और कान की बाली चोरी हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू की। पुलिस ने आसपास के इलाकों में जांच तेज कर दी है और संभावित संदिग्धों की पहचान की जा रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि अपराधियों तक पहुंचा जा सके।

