बोकारो में गुरुकुल पब्लिक स्कूल की तीन बस समेत चार वाहनों में लगाई आग,चारों वाहन जलकर राख..जांच में जुटी है पुलिस,
बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले में गुरुकुल पब्लिक स्कूल की तीन बसों को असामाजिक तत्वों ने आग के हवाले कर दिया।इस घटना में तीन बस सहित एक अन्य वाहन जलकर खाक हो गया।घटना पिंड्राजोड़ा थाना क्षेत्र में बीती देर रात हुई है।हादसे के समय आग लगाने वालों ने वॉचमैन और निदेशक के दरवाजे की कुंडी बाहर से लगा दी थी।वहीं मामले की जानकारी मिलने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।आग लगाने वालों ने घटना को अंजाम देने से पहले सीसीटीवी के तार काट दिए थे।अब पुलिस सीसीटीवी की डिवाइस की जांच कर रही है।वहीं इस हादसे में करीब 1 करोड़ 80 लाख के नुकसान होने का अनुमान है।
स्थानीय लोग आगजनी की घटना को सुनियोजित बता रहे हैं।स्कूल प्राचार्य कृष्ण गोपाल पांडे ने बताया कि असामाजिक तत्वों ने पहले सीसीटीवी कैमरे के तार काट दिए।उसके बाद घटना को अंजाम दिया।इतना ही नहीं, स्कूल परिसर के भीतर चौकीदार और प्राचार्य के कमरों को बाहर से लॉक कर दिया गया ताकि कोई बाहर न निकल सके। इधर चौकीदार उत्तम कुमार महतो ने बताया कि आग की लपटें देखने के बाद मैंने शोर मचाया, तब जाकर हॉस्टल में रह रहे छात्रों ने दरवाजा खोला।
पिंड्राजोरा थाना पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस ये पता करने में लगी है कि आगजनी के पीछे किसकी मंशा थी? पुलिस आसपास के इलाकों में लगे कैमरों और स्थानीय सुरागों के आधार पर जांच कर रही है।
शिक्षाविद् एवं स्थानीय जयदेव महतो ने कहा कि आग लगाने वालों द्वारा बस में नहीं बल्कि छात्रों के भविष्य में आग लगाने का प्रयास किया गया है जो काफी निंदनीय है।
थाना प्रभारी ने बताया कि स्कूल के अंदर के सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।संदिग्धों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।जल्द मामले में गिरफ्तारी की जायेगी।

