तनिष्क शोरूम से 22 मिनट में 25 करोड़ के गहने लूटकर भागे अपराधी,मुठभेड़ में 2 अपराधियों को गोली मारकर 2 झोला ज्वेलरी बरामद…4 अपराधियों की तलाश जारी
आरा।बिहार के आरा में गोपाली चौक स्थित तनिष्क शोरूम से सोमवार को आधा दर्जन अपराधियों ने 25 करोड़ की ज्वेलरी लूट ले गए। अपराधियों का पीछा कर रही पुलिस ने फायरिंग की। दो अपराधियों के पैरों में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। उनके पास से दो झोला ज्वेलरी बरामद की।वहीं 4 अन्य बदमाश लूटी हुई ज्वेलरी लेकर भाग गए। शोरूम के स्टोर मैनेजर कुमार मृत्युंजय ने बताया, ‘शोरूम में 50 करोड़ से ज्यादा के जेवरात थे। अपराधियों ने 25 करोड़ से ज्यादा के गहने लूट लिए हैं।’
पुलिस की गिरफ्त में दो अपराधी
प्रत्यक्षदर्शियों औऱ शोरूम के कर्मी के अनुसार,सोमवार सुबह साढ़े 10 बजे 3 बाइक से आए 6 बदमाशों ने शोरूम के बाहर खड़े गार्ड के साथ मारपीट कर उनका हथियार भी छीन लिया।शोरूम में घुसते ही शटर अंदर से बंद करके करीब 22 मिनट तक दोनों फ्लोर पर लूटपाट की।
वहीं भोजपुर के एसपी राज ने बताया, ‘पुलिस ने शोरूम के अंदर लूट की फोटो वॉट्सऐप ग्रुप में शेयर की थी। बड़हरा थाना पुलिस ने बबुरा छोटी पुल के पास 3 बाइक पर 6 संदिग्धों को देखा। उनके रोकने पर बदमाशों ने फायरिंग कर दी।पुलिस ने भी फायरिंग की। इसमें 2 बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। उनके पास से 2 पिस्टल, 10 कारतूस, 2 बड़े झोले में तनिष्क शोरूम से लूटे गए जेवरात मिले हैं।इनके नाम सारण जिले के दिघवारा निवासी विशाल गुप्ता और सोनपुर के सेमरा निवासी कुणाल कुमार है।
शोरूम के गार्ड मनोज कुमार ने बताया कि10 बजे शोरूम खुला था। तभी 3 बाइक से 6 अपराधी आए और शोरूम के पास गाड़ी खड़ी कर दी। शोरूम के नियम के अनुसार, 4 से अधिक लोगों को एक साथ एंट्री नहीं दी जाती है। इसलिए पहले 2 लोग अंदर गए और जैसे ही छठा अपराधी अंदर आया, उसने मेरे सिर पर पिस्टल रख दी। मेरे साथ मारपीट भी की। राइफल भी ले गए। शोरूम में रखे सोने-चांदी और हीरे के जेवरात बैग में भर लिए। लूट के दौरान बदमाशों ने सेल्समैन को भी पीटा है।
तनिष्क की सेल्सगर्ल सिमरन ने बताया कि जैसे ही अपराधी गार्ड को धक्का देकर अंदर पहुंचे। मैंने पुलिस को 20 से 25 बार कॉल किया, लेकिन तुरंत एक्शन नहीं लिया गया। सिर्फ कहा जा रहा था कि गाड़ी पहुंच रही है। अपराधी 10 की संख्या में थे। सभी के पास दो-दो हथियार थे। अंदर आते ही सभी स्टाफ का फोन लेकर माथे पर हथियार भिड़ा दिया। इसके बाद काउंटर के सारे गहने लेकर फरार हो गए।
लूटपाट की टाइमलाइन:
–सुबह 10 बजे तनिष्क शोरूम खुला।
–10.15 बजे साफ-सफाई का काम शुरू हुआ।
–10.20 बजे 2 बदमाश शोरूम में घुसे।
–10 मिनट बाद बाकी बदमाश अंदर घुसे।
–10.50 पर सभी लूटपाट कर शोरूम से भाग निकले। इसके बाद पुलिस पहुंची।
–11.23 बजे SP और ASP मौके पर पहुंचे।
–पुलिस CCTV की मदद से अपराधियों को पकड़ने में जुटी है।
भोजपुर के एसपी राज ने बताया, “एएसपी परिचय कुमार के नेतृत्व में एक SIT का गठन किया गया है। सभी चौक-चौराहे पर नाकेबंदी कर दी गई है”
इस लूटपाट का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि बेखौफ अपराधी शोरूम के अंदर बंदूक दिखा रहे हैं।
पिस्टल लहरा रहे थे लुटेरे, लेकिन जान पर खेलकर महिलाकर्मी बचाती रही जेवर
इस घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। इन सबके बीच एक महिलाकर्मी की हिम्मत की चर्चा भी हो रही है। जिसका वीडियो वायरल हो रहा है।दरअसल जब शोरूम में घुसे बदमाशों ने पूरे स्टाफ को हथियारों के दम पर बंधक बना लिया था। इसी दौरान शोरूम की एक महिलाकर्मी जान पर खेलकर जेवर बचाती दिख रही थी। वो रैक में रखे गहनों को निकालकर नीचे छिपा रही थी। इसी दौरान एक बदमाश पिस्टल लेकर पहुंच गया। और उसे आगे चलने को कहा। गहनों को छिपाने का वीडियो अब वायरल हो गया है। और महिला ने जो हिम्मत दिखाई उसकी भी चर्चा हो रही है।