रामगढ़ थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर पीके सिंह निलंबित,थाना से दुष्कर्म के आरोपी की फरारी मामले में आईजी ने की कार्रवाई…

 

रामगढ़।झारखण्ड के चर्चित इंस्पेक्टर सह रामगढ़ थाना प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह (पीके सिंह) को आईजी ने सस्पेंड कर दिया है। यह कार्रवाई रामगढ़ एसपी अजय कुमार की अनुसंशा पर बोकारो रेंज के आईजी ने की है।

दरअसल,मामला एक युवती के साथ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किए गए अभियुक्त गुड्डू उर्फ आफताब अंसारी से जुड़ा है। आफताब को रामगढ़ महिला थाना में दर्ज कांड संख्या 14/2025 के तहत पकड़ा गया था। गिरफ्तारी के बाद उसे रामगढ़ थाना लाया गया था, लेकिन उसे न तो हथकड़ी लगाई गई थी और न ही उचित निगरानी में रखा गया। इसी का फायदा उठाकर वह थाना परिसर से फरार हो गया।

पुलिस के अनुसार, आफताब ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को चकमा दिया और थाना परिसर से दामोदर नदी की ओर निकल भागा। उसकी फरारी के बाद पुलिस ने कई संभावित ठिकानों पर छापेमारी की, मगर अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। यहां तक कि वह अपने घर भी नहीं लौटा, जिससे उसके साथ किसी अनहोनी की आशंका भी जताई जा रही है।

इधर जांच में सामने आया कि अभियुक्त को उचित तरीके से न तो हथकड़ी लगाई गई थी और न ही उसकी गिरफ्तारी में गंभीरता बरती गई थी। यह पूरा मामला पुलिस की घोर लापरवाही और प्रक्रिया में कोताही को दर्शाता है। इसी आधार पर इंस्पेक्टर पीके सिंह को निलंबित किया गया है।

मामले में आईजी ने एसपी को इस मामले की गहराई से जांच कर सभी जिम्मेदार अधिकारियों और कर्मियों की भूमिका की समीक्षा कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया था।एसपी ने इसकी जांच एसडीपीओ पतरातू से करायी गई।जिसमें थाना प्रभारी की बड़ी लापरवाही सामने आई है।उसके बाद एसपी की अनुसंशा पर आईजी ने कार्रवाई की है।वहीं मामले में ओडी पदाधिकारी को एसपी ने पहले ही सस्पेंड कर दिया है।

error: Content is protected !!