16 लाख की ठगी, पैसे मांगे तो दी जान से मारने की धमकी, केस दर्ज

 

राँची।अवधेश कुमार नाम के व्यक्ति पर 16 लाख रुपए की ठगी और धमकी देने का आरोप लगाते हुए पीड़ित अभिषेक सिन्हा ने कोतवाली थाना में प्राथमिकी दर्ज कराया है। अभिषेक ने बताया कि अवधेश कुमार, जो उनके मित्र प्रशांत कुमार के चाचा हैं, से उनके पारिवारिक संबंध थे। अवधेश ने वर्ष 2020 में खुद को आर्थिक संकट में बताकर 20 लाख रुपए की मदद मांगी थी। कहा था कि वह ईंट भट्ठा का नया व्यवसाय शुरू कर मुनाफा कमाएंगे और एक साल में पूरा पैसा लौटा देंगे। अभिषेक ने बताया कि वह उस समय छात्र थे। अवधेश ने कहा कि उनके पिता हाल ही में सेवानिवृत्त हुए हैं और उन्हें पीएफ की राशि मिली है। अवधेश ने अभिषेक के पिता से भी मुलाकात की और भरोसा दिलाया कि वह पैसा मुनाफे के साथ लौटा देंगे। इसके बाद 2 नवंबर 2020 से 25 जनवरी 2022 के बीच कुल 16 लाख रुपए अवधेश को दिए गए। यह रकम अभिषेक के पिता के फिक्स्ड डिपॉजिट तोड़कर निकाली गई थी। पैसे देने के समय प्रशांत कुमार भी मौजूद थे। अभिषेक ने बताया कि जनवरी 2023 तक अवधेश ने एक भी पैसा नहीं लौटाया। जब उनके पिता ने पैसे मांगे तो अवधेश टालमटोल करने लगे। अभिषेक ने आरोप लगाया कि अवधेश कुमार ने धोखाधड़ी की नीयत से उनके पिता की मेहनत की कमाई हड़प ली।

error: Content is protected !!