सारंडा में आईईडी ब्लास्ट,दो जवान घायल..घायल जवानों एयरलिफ्ट कर लाया गया राँची, अस्पताल में चल रहा इलाज
राँची।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा जंगल में नक्सलियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान शुक्रवार, 8 अगस्त 2025 को एक आईईडी विस्फोट में सीआरपीएफ की कोबरा बटालियन 209 के दो जवान घायल हो गए।यह विस्फोट सारंडा के दीघा इलाके में उस समय हुआ, जब सुरक्षा बल सर्च ऑपरेशन चला रहे थे।घायल जवानों को बेहतर इलाज के लिए हेलीकॉप्टर से राँची के एक निजी अस्पताल लाया गया।
सारंडा जंगल के दीघा इलाके में नक्सलियों द्वारा पहले से बिछाए गए आईईडी की चपेट में आने से कोबरा बटालियन के दो जवान गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की पहचान राम प्रवेश सिंह और छोटू कश्यप के रूप में हुई है।विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि एक जवान को गंभीर चोटें आईं।घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया और इलाके को घेर लिया गया।
घायल जवानों को तत्काल प्राथमिक उपचार देने के बाद हेलीकॉप्टर से एयरलिफ्ट कर राँची लाया गया।राँची एयरपोर्ट से ग्रीन कॉरिडोर बनाकर दोनों जवानों को मेन रोड स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक उनकी स्थिति की निगरानी कर रहे हैं। अस्पताल के अनुसार, दोनों जवानों का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने दीघा इलाके में सैनिटाइजेशन और सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है।नक्सलियों की तलाश में जंगल के विभिन्न हिस्सों में छानबीन की जा रही है।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, नक्सलियों ने पहले से ही क्षेत्र में आईईडी बिछा रखा था, जिसका उद्देश्य सुरक्षा बलों को निशाना बनाना था।
झारखण्ड पुलिस और सुरक्षा बल चाईबासा जिले में नक्सलियों के आखिरी गढ़ को खत्म करने के लिए लगातार अभियान चला रहे हैं।सारंडा जंगल, जो नक्सलियों का मजबूत ठिकाना रहा है, में सुरक्षा बलों की सक्रियता बढ़ी है। इस घटना के बाद भी नक्सल विरोधी अभियान को और तेज करने की योजना है।
