हजारीबाग में भयंकर विस्फोटक,पति-पत्नी सहित 3 की मौत,दो घायल,पूरा इलाका सील…जांच में जुटी है पुलिस…
हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग शहर के बड़ा बाज़ार टीओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत हबीबी नगर में हुए जोरदार विस्फोट में एक महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।धमाके के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब कुछ लोग बाड़ी की सफाई कर रहे थे।इसी दौरान अचानक तेज धमाका हुआ, जिसकी आवाज़ दूर तक सुनाई दी।विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के लोग सहम गए और मौके पर भारी भीड़ जुट गई।
मृतकों के नाम, रशीदा परवीन (पति- मुस्ताक), नन्ही परवीन (पति- सद्दाम) और सद्दाम (पिता- युनूस) है।प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्थानीय लोग झाड़ी साफ कर रहे थे, तभी विस्फोट हो गया।आशंका जताई जा रही है कि झाड़ी में पहले से दबा हुआ कोई विस्फोटक पदार्थ (संभवतः पुराना बम या विस्फोटक सामग्री) था, जो सफाई के दौरान फट गया। एक महिला ठंड में धूप सेंकने के लिए चारदीवारी के पास बैठी हुई थी, जो विस्फोट की चपेट में आ गई।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची।घायलों को तत्काल सदर अस्पताल भेजा गया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। वहीं, मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।फिलहाल विस्फोट के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है।पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि धमाका पहले से रखे गए विस्फोटक से हुआ या किसी अन्य कारण से हुआ है।एहतियातन पूरे इलाके को सील कर दिया गया है और एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लैब) टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है।
प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी।इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।

