होमगार्ड जवान ने कोयला कारोबारियों पर लगाया मारपीट का आरोप,प्राथमिकी दर्ज…जांच में जुटी है पुलिस…

 

लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के बालूमाथ थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतरियाखाड़ कोलयरी में सुरक्षा में तैनात होमगार्ड जवान मोहन कुमार के साथ मारपीट की घटना हुई है। इस घटना से होमगार्ड जवानों में भारी आक्रोश है।इस संबंध में होमगार्ड जवान के आवेदन पर बालूमाथ थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है।इसके तहत पुलिस ने पूरे मामले में अनुसंधान शुरू कर दिया है।मिली जानकारी के मुताबिक,तेतरियाखाड़ कोलयरी में प्रतिनियुक्ति होमगार्ड के जवान मोहन कुमार भोक्ता ने आरोप लगाया है कि बालूमाथ के दो कोयला कारोबारी उनकी पोस्ट के पास आए और विवाद करने लगे।इसके बाद दोनों कोयला कारोबारियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट भी की।

होमगार्ड जवान ने जातिसूचक शब्दों के प्रयोग करने का भी आरोप लगाया है।उसका आरोप है कि इस संबंध में उसने कोलियरी प्रबंधन से भी शिकायत की, लेकिन कोलियरी प्रबंधन के द्वारा इस मामले में किसी प्रकार की कोई भी कार्रवाई नहीं की गई।इसके बाद उसने थाना पहुंचकर अपना आवेदन दिया है।

इधर, इस घटना के बाद होमगार्ड जवानों में आक्रोश देखा जा रहा है। उनका कहना है कि सुरक्षा ड्यूटी में तैनात रहने के दौरान इस प्रकार की घटना अक्सर होती रहती है। होमगार्ड जवानों का कहना है कि यदि इस मामले में कड़ी कार्रवाई नहीं की गई तो वे लोग आंदोलन भी करेंगे।इस मामले को लेकर वे राज्य स्तरीय संघ में भी मामला उठाएंगे और जरूरत पड़ने पर बड़ा आंदोलन करेंगे।

वहीं,बालूमाथ थाना प्रभारी अमरेंद्र कुमार ने बताया कि होमगार्ड जवान के द्वारा एक आवेदन दिया गया है।आवेदन के आधार पर दो कोयला कारोबारियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

error: Content is protected !!