गढ़वा में तेज रफ्तार हाइवा का कहर,सुबह-सुबह दौड़ लगा रहे दो युवकों को कुचला,दर्दनाक मौत
गढ़वा।झारखण्ड के गढ़वा जिले में रंका रमकंडा रोड के बरवाटांड के पास करीब सुबह 4 बजे आर्मी भर्ती की तैयारी कर रहे दो युवकों को तेज रफ्तार हाइवा ने टक्कर मार दी।जिससे दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।मरने वालों में मानपुर टेढ़ा महुआ निवासी राजू और अनिल शामिल हैं।स्थानीय लोगों ने हादसे के बारे में बताया कि दुर्घटना इतनी खौफनाक थी कि शव के अलग-अलग हिस्से सड़क पर बिखर गए थे।ओवरलोड हाइवा गिट्टी लेकर गढ़वा की ओर जा रहा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा क्रशर से गिट्टी लेकर गढ़वा की ओर जा रहा था और काफी तेज रफ्तार में था।उसी दौरान सड़क किनारे दौड़ रहे दोनों युवाओं को वाहन ने रौंद दिया।आर्मी की भर्ती के लिए युवक प्रतिदिन सुबह दौड़ लगाने निकलते थे और हाल ही में होने वाली सेना भर्ती की तैयारी कर रहे थे।
हादसे की सूचना मिलते ही रंका थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हाइवा को जब्त कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।वहीं स्थानीय लोगों का आरोप है कि रंका रमकंडा रोड पर ओवरलोड वाहनों की तेज गति की वजह से हादसे हो रहे हैं, लेकिन इन हादसों को रोकने के लिए पुख्ता कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।

