दो बाइक की जोरदार टक्कर,भाई-बहन की मौत,दूसरी बाइक सवार पति-पत्नी घायल,जांच में जुटी पुलिस
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कमलकेडिया गांव में दो बाइक की जोरदार टक्कर में भाई और बहन की मौत हो गई जबकि एक दंपती गंभीर रूप से घायल हो गया।जिसके बाद दोनों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पीटल में भर्ती करवाया गया है जबकि मृतक सत्यवती देवी, मेदिनीनगर टाउन थाना क्षेत्र के निमिया और हेमंत कुमार, लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कुराइन पतरा पंचायत के सोंस गांव के रहने वाले थे।
दोनों मृतक आपस में भाई बहन हैं।हेमंत कुमार अपनी बहन को लेकर छठ के समारोह में जा रहे थे,इसी क्रम में लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के कमल खेड़िया में सामने से आ रही बाइक से उनकी टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में भाई-बहन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे बाइक पर सवार तरहसी के रहने वाले लाडले हसन और उनकी पत्नी गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि दो बाइक की आपस में जोरदार टक्कर में भाई बहन की मौत हुई है। दोनों के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया था जबकि पुलिस पूरे मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजन भी मौके पर पहुंच गए थे और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।छठ की खुशियां मातम में बदल गई। दरअसल जिस समय दुर्घटना हुई, उस वक्त पूर्व विधायक देवेंद्र कुमार सिंह उर्फ बिट्टू इलाके से गुजर रहे थे। दुर्घटना को देखने के बाद वह मौके पर रुके थे और दोनों जख्मी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा था।

