रास्ते को लेकर विवाद,दो समुदायों में हिंसक झड़प, पथराव और लाठी-डंडे चले, आधा दर्जन लोग घायल,पुलिस तैनात
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद जिले के झरिया थाना क्षेत्र में बनियाहिर मैदान में दो समुदायों के बीच रास्ते को लेकर हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच पथराव और लाठी-डंडे चले। घटना में आधा दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए, जिनमें एक की स्थिति गंभीर है। सभी घायलों का इलाज झरिया के एक निजी अस्पताल में चल रहा है। इस घटना में कुछ घरों और ऑटो को भी नुकसान पहुंचा है।स्थानीय लोगों की सूचना पर सिंदरी एसडीपीओ, झरिया अंचल के सीओ और सिंदरी अनुमंडल के सभी थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस और शांति समिति के सदस्य दोनों पक्षों से बातचीत कर रहे हैं।सिंदरी एसडीपीओ आशुतोष कुमार सत्यम ने बताया कि रास्ते को लेकर दो समुदाय के बच्चों के बीच विवाद हुआ था, जो हिंसक रूप ले लिया। उन्होंने कहा कि स्थिति नियंत्रण में है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।


