गुमला पुलिस ने व्यवसायी विनोद अग्रवाल हत्याकांड का किया खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार..

 

गुमला।झारखण्ड के गुमला शहर में सिसई रोड निवासी व्यवसायी विनोद अग्रवाल हत्याकांड का गुमला पुलिस ने खुलासा कर दिया है।पुरानी रंजिश में तीन लोगों ने शराब के नशे में धुत होकर पूरी घटना को अंजाम दिया।गुमला एसपी हारिश बिन जमां ने बताया कि करीब 2 वर्ष पूर्व विनोद अग्रवाल के घर में चोरी हुई थी। हत्या में शामिल अपराधियों के परिवार के लोगों पर ही चोरी का आरोप लगा था। पिछले वर्ष दिसंबर माह में भी मृतक विनोद के साथ इनकी लड़ाई हुई थी। तब से अपराधियों के निशाने पर विनोद अग्रवाल थे।उन्होंने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में लोयोला नगर सिसई रोड निवासी मुख्य अपराधी अंचल ब्यूम तिर्की और उसके दो सहयोगी डुमरटोली निवासी जुलिमन मिंज और समीर टोप्पो शामिल हैं।

गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस की पूछताछ में स्वीकार किया है कि पुरानी रंजिश के कारण तीनों ने मिलकर हत्या की योजना बनाई थी और 6 जुलाई को घटना को अंजाम दिया था।अपराधियों ने हत्या के पूर्व एक साथ बैठकर शराब और गांजा का सेवन किया था।इसके बाद सभी 3 अपराधी विनोद अग्रवाल के घर के समीप पहुंचे। इस दौरान दो लोग रेकी करने लगे। इस क्रम में जैसे ही विनोद अग्रवाल एक दुकान से सामान खरीदकर वापस आने लगे,तभी एक अपराधी के द्वारा दौड़कर उनके सिर पर लोहे के रॉड से कई बार वार किया गया।

एसपी ने बताया कि गिरफ्तार तीन अभियुक्तों में अंचल और जुलिमन मिंज का अपराधिक इतिहास रहा है।यह दोनों आर्म्स एक्ट, छेड़खानी सहित अन्य मामले में जेल जा चुके हैं। वहीं, पुलिस ने उनके पास से घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड, चाकू, ग्लव्स, तलवार के अलावा एक मोटरसाइकिल बरामद की है।

error: Content is protected !!