Ranchi:इंटर स्टेट शराब तस्करी सिंडिकेट का मास्टरमाइंड गोराई गिरफ्तार,भारी मात्रा में शराब बरामद…
राँची।उत्पाद विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर इंटर स्टेट शराब तस्करी सिंडिकेट के मास्टरमाइंड गणेश गोराई सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। गणेश गोवा से शराब की तस्करी कर झारखण्ड मंगवा रहा था और फिर उसे बिहार जैसे राज्यों में सप्लाई कर रहा था। गणेश की गिरफ्तारी के बाद उत्पाद विभाग ने भारी मात्रा में अवैध शराब भी जब्त की है।सहायक उत्पाद आयुक्त अरुण कुमार मिश्रा ने बताया कि विभाग को सूचना मिली थी कि कुख्यात तस्कर गणेश गोराई गोवा जैसे राज्यों से शराब मंगवाकर अपने गोदाम में रिफिलिंग कर विभिन्न ब्रांडों की शराब तैयार कर रहा है।
सूचना मिलने पर उत्पाद विभाग की एक पूरी टीम ने गणेश गोराई पर नजर रखना शुरू किया। टीम को यह भी सूचना मिली कि गणेश के धुर्वा डैम के पास स्थित गोदाम में भी हलचल दिख रही है।जिसके बाद गोदाम के आसपास मुखबिरों को तैनात किया गया। इसी बीच सूचना मिली कि कुरकुरे और दूसरे तरह के स्नैक्स के ट्रक में ही 300 से ज्यादा पेटी अवैध शराब गोवा से गणेश के गोदाम में पहुंचने वाली है।इस जानकारी के तहत उत्पाद विभाग की एक टीम गणेश के गोदाम के आसपास छुप गई। वहीं, दूसरी टीम मांडर टोल प्लाजा के पास पहुंची, जहां से कुरकुरे लदे ट्रक को पकड़ लिया गया।मौके से गणेश के ड्राइवर को कब्जे में लेकर गणेश को यह बताया गया कि सारा माल लेकर वह गोदाम तक पहुंच रहा है।
इस दौरान जैसे ही गणेश गोदाम के पास पहुंचा, पूर्व से अलर्ट उत्पाद विभाग के सुरक्षाकर्मियों ने उसे दबोच लिया। ट्रक से 300 पेटी से ज्यादा अवैध शराब बरामद किया गया है।मामले में गणेश और उसके ड्राइवर को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
गिरफ्तार गणेश ने इंटर स्टेट शराब तस्कर के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां उत्पाद विभाग को दी है।जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।गणेश गोराई इंटर स्टेट शराब सिंडिकेट का मास्टरमाइंड है। जिसकी तलाश लंबे अरसे से पुलिस और उत्पाद विभाग दोनों को थी।
उत्पाद विभाग के अफसर ने बताया कि गणेश के गोदाम में गोवा से सस्ते दाम की शराब मंगवाई जाती थी। इस शराब को झारखण्ड में बिकने वाले महंगे ब्रांड के शराब की बोतलों में रिफिलिंग कर उसे बाजार में खपाया जाता था।
वहीं, गिरफ्तार गणेश ने बताया कि वह फिलहाल गोवा और हरियाणा जैसे राज्यों से सस्ते शराब की तस्करी कर झारखण्ड लाता था। शराब की खेप को छुपाने के लिए मालवाहक ट्रकों का प्रयोग किया जाता है।बुधवार को हुई छापेमारी में उत्पाद विभाग की टीम ने गणेश को तो गिरफ्तार किया ही है, साथ ही साथ 300 से ज्यादा अवैध शराब भी जब्त की गई।

