Ranchi:महिला से सोने की चेन की ठगी…विधायक से 1.27 लाख की ठगी… युवक से क्रेडिट कार्ड रिवार्ड के नाम 1.28 लाख की ठगी….

सोने की चेन ठगी कर बाइक से भागे दो युवक

राँची।चुटिया थाना क्षेत्र के लोअर चुटिया तेली टोला में दो युवकों ने ठगी की वारदात को अंजाम दिया। सुनील कुमार नायक की मां घर पर अकेली थीं। उसी दौरान दो युवक सेल्समैन बनकर घर पहुंचे। उन्होंने टाइल्स साफ करने वाला केमिकल दिखाने के बहाने बातचीत शुरू की। इसी दौरान एक युवक ने धोखे से महिला की सोने की चेन दांत से काट ली। फिर दोनों युवक काले रंग की पल्सर बाइक से भाग निकले। बाइक का नंबर पता नहीं चल सका है। पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज में कैद है। उन्होंने इसे थाना को भी दिया है।

 क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड के नाम पर 1.28 लाख की ठगी

राँची के हिनू डोरंडा निवासी अभिनव उत्कर्ष के साथ ऑनलाइन ठगी हुई। 27 जून को सुबह 11:25 बजे उनके मोबाइल नंबर पर एक मैसेज आया। मैसेज में क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड प्वाइंट्स को रिडीम करने का लिंक था। लिंक खोलने पर एक निजी बैंक की वेबसाइट जैसी साइट खुली। वेबसाइट पर बैंक का लोगो और नाम साफ दिख रहा था। वेबसाइट खोलते ही ओटीपी आया, जो ऑटो फिल होकर सबमिट हो गया। इसके तुरंत बाद उनके खाते से 1,28,111.78 रुपए कटने का मैसेज आया। तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ। उन्होंने तुरंत बैंक से संपर्क किया। बैंक ने सर्वर डाउन होने की बात कहकर दो घंटे बाद संपर्क करने को कहा। इसके बाद उन्होंने ऑनलाइन शिकायत दर्ज की। बैंक की ओर से मैसेज आया कि ट्रांजेक्शन वेरिफाई नहीं हुआ है। इसके बावजूद बैंक ने ट्रांजेक्शन को ब्लॉक नहीं किया। बाद में कस्टमर केयर से बात करने पर उनका कार्ड ब्लॉक किया गया। इसके बाद उनका मोबाइल ऐप काम करना बंद कर गया। इस कारण वे ट्रांजेक्शन वेरिफाई नहीं कर पा रहे हैं। अभिनव को शक है कि बैंक ने उनका डाटा शेयर किया, जिससे ठगी हुई। उन्होंने नेशनल साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज की। इसके बाद साइबर क्राइम थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई।
 

पांकी विधायक से वाहन नीलामी के नाम पर 1.27 लाख की ठगी

राँची के धुर्वा सेक्टर-2 के ई/347 आवास में रहने वाले पांकी से भाजपा विधायक कुशवाहा शशिभूषण मेहता से 1.27 लाख की ठगी हुई है। इस संबंध में कुशवाहा ने साइबर थाना में ठगी की प्राथमिकी दर्ज कराई है। दर्ज प्राथमिकी में बताया है कि ठगों ने खुद को जीएसटी कस्टम अधिकारी बता कर उसने ठगी की। उन्हें 26 जून की सुबह 9 बजे कॉल आया। काल करने वाले ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मालदा में जीएसटी कस्टम विभाग ने कई गाडिय़ां जब्त की हैं। विभाग उनकी नीलामी कर रहा है। उन्हें व्हाट्सएप पर कई गाड़ियों की तस्वीर भेजी गई। बताया कि फॉर्च्यूनर गाड़ी की नीलामी कीमत 12 लाख 70 हजार रुपये है। नीलामी में भाग लेने के लिए 10 प्रतिशत राशि जमा करनी होगी। इसके बाद उन्हें बताया गया कि कहा पैसे भेजने है। शशिभूषण मेहता ने अपने निजी सहायक सरोज कुमार चटर्जी को भुगतान का निर्देश दिया। सरोज ने अपने खाते इंटरनेट बैंकिंग से 50 हजार रुपये ट्रांसफर किए। इसके बाद फोन पे (यूपीआई) से 77 हजार रुपये उसी खाते में ट्रांसफर किए गए। भुगतान के बाद व्हाट्सएप पर फर्जी रसीद भेजी गई। इसके बाद दोनों आरोपियों के मोबाइल बंद हो गए। 27 जून को शशिभूषण ने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराया फिर साइबर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई।

error: Content is protected !!