गोवा नाइट क्लब हादसा:झारखण्ड के दो सगे भाई सहित 3 युवकों की मौत,उसी क्लब में करते थे काम, गांव में पसरा मातम…
राँची।गोवा के अरपोरा स्थित रोमियो ब्रेसलैंड नाइट क्लब में शनिवार देर रात लगी भीषण आग ने झारखण्ड के तीन परिवारों को उजाड़ दिया। इस हादसे में राँची जिले के लापुंग थाना क्षेत्र के फतेहपुर गांव के दो सगे भाई 24 वर्षीय प्रदीप महतो और 22 वर्षीय विनोद महतो सहित खूंटी जिले के कर्रा प्रखंड के गोविंदपुर गांव के 22 वर्षीय मोहित मुंडा की दर्दनाक मौत हो गई।ये तीनों युवक रोजगार की तलाश में गोवा पहुंचे थे। तीनों इसी नाइट क्लब में काम करते थे। बताया जाता है कि आग इतनी तेजी से फैली कि कर्मचारियों और पर्यटकों को बाहर निकलने का मौका तक नहीं मिल पाया। चारों ओर धुआं और लपटें इतनी तेज थीं कि अधिकांश लोग अंदर ही फंस गए। हादसे की सूचना मिलते ही गोवा में मौजूद अन्य झारखण्ड युवक अस्पताल पहुंचे और प्रशासन को पहचान में मदद की।
परिजन
हादसे की खबर झारखण्ड पहुंचते ही फतेहपुर गांव में पूरे इलाके में मातम पसर गया। पिता धनेश्वर महतो अपने दोनों बेटों के एक साथ चले जाने की बात सुनकर बेहोश हो गए। परिवार में चीख-पुकार का माहौल है। गांव के लोग उनके घर पर ढाढ़स बंधाने पहुंच रहे हैं।
वहीं खूंटी के गोविंदपुर गांव में भी मोहित मुंडा की मौत के बाद भारी शोक का माहौल है। गांव वाले बताते हैं कि मोहित परिवार का सहारा था और रोजगार की तलाश में गोवा गया था। हादसे के बाद गोवा में काम कर रहे झारखण्ड के अन्य युवा बेहद डर और चिंता में हैं।
हादसे के बाद झारखण्ड सरकार भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है। हालांकि तीनों युवकों की मौत की आधिकारिक पुष्टि राज्य सरकार की ओर से अभी नहीं की गई है,लेकिन प्रशासन ने गोवा सरकार से संपर्क साध लिया है।
बताया जा रहा है कि कानूनी प्रक्रिया पूरी होते ही शवों को सोमवार या मंगलवार तक झारखण्ड लाया जाएगा। परिजनों और गांव के लोगों की निगाहें अब सरकार की ओर टिकी हैं ताकि जल्द से जल्द अंतिम संस्कार घर में हो सके।

