10 करोड़ दो, वरना बाबा सिद्दीकी जैसा करूंगा हाल..लॉरेंस बिश्नोई के नाम से भोपाल के सराफा कारोबारी को जान से मारने की धमकी…
डेस्क टीम/भोपाल। राजधानी के कोलार इलाके में रंगदारी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां खुद को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य बताने वाले बदमाश ने एक ज्वैलर से 10 करोड़ रुपये की मांग कर डाली। रकम न देने पर कारोबारी को जान से मारने की धमकी दी गई है।पुलिस के अनुसार, पार्वती नगर निवासी 42 वर्षीय गौरव जैन को 18 मार्च को एक वीपीएन नंबर से वॉट्सएप कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को लारेंस बिश्नोई गैंग का सदस्य ‘हैरी बाक्सर’ बताया और कहा कि वह बड़े सोने के कारोबारी हैं, इसलिए 10 करोड़ रुपये तैयार रखें। साथ ही उसने अपने नाम को गूगल पर सर्च करने तक की धमकी भरे अंदाज में बात कही।
पहले कॉल को नजरअंदाज करने के बाद अगले दिन आरोपी ने दोबारा संपर्क किया और पैसों का इंतजाम पूछा। जब गौरव जैन ने रकम देने से साफ इनकार किया, तो आरोपी ने धमकी दी कि गैंग के गुर्गे उन्हें खत्म कर देंगे। यहां तक कहा कि उनका हाल मुंबई के नेता बाबा सिद्दीकी जैसा कर दिया जाएगा।
आरोपी ने यह भी दावा किया कि उसके पास कारोबारी की पूरी रैकी है। फोन काटने के बाद उसने व्हाट्सएप पर गाली-गलौज भरे संदेश भी भेजे, जिससे कारोबारी और उनका परिवार दहशत में आ गया।
पीड़ित की शिकायत पर कोलार पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब वीपीएन नंबर और डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है।
“कॉल करने वाले ने खुद को लॉरेंस गैंग का बदमाश होना बताया है। पुलिस नंबर की जांच कर रही है। प्रारंभिक तौर पर वीपीएन नंबर होना प्रतीत हो रहा है”। -मलकीत सिंह, एडिशनल डीसीपी, जोन-4

