गिरिडीह:पुल की रेलिंग तोड़ बराकर नदी में गिरा मालवाहक,कई घंटे तक बाढ़ में फंसा रहा चालक,मछुआरों ने निकाला बाहर…

 

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिहीह जिले में डुमरी-गिरिडीह पथ पर एक बड़ी घटना घटी है।यहां बराकर नदी के पुल का रेलिंग तोड़ते हुए एक मालवाहक 40 फीट नीचे जा गिरा।वाहन के गिरने के बाद चालक किसी तरह से मालवाहक के टायर के ऊपर आ गया और लगभग चार घंटे तक नदी की तेज धार में फंसा रहा।हालांकि सूचना पर पहुंची पुलिस की सजगता और स्थानीय मछुआरों और युवकों की दिलेरी के कारण चालक की जान बच गई।घटना मुफ्फसिल थाना इलाके के बराकर की है


घटना को लेकर कोडरमा के जयनगर थाना इलाके के काठाडीह बस्ती निवासी वाहन चालक अकील नवाज खाना ने बताया कि सोमवार रात को वह ट्रेलर पर पाइप लादकर जा रहा था।रात लगभग 1:15 से 1:30 बजे उनके वाहन का टायर फिसल गया और ट्रेलर रेलिंग तोड़कर नीचे नदी में जा गिरा। इस बीच वह किसी तरह ड्राइवर सीट से बाहर निकलकर टायर पर जा चढ़ा।फिर बचाने की गुहार लगाने लगा लेकिन अंधेरा होने के कारण कोई सामने नहीं आ रहा था।


चालक ने बताया कि इस बीच नदी की दूसरी तरफ से किसी ने टॉर्च की लाइट दिखायी।चूंकि वाहन से बाहर निकलने के दरमियान उसने भी टॉर्च निकाल लिया था तो उसने भी टॉर्च मारा। इसके थोड़ी देर बाद पुल पर उसके साथी भी पहुंच गए और रस्सा फेंककर उसे सहारा दिया। फिर पुलिस पहुंची और स्थानीय युवकों के साथ मिलकर उसे बाहर निकाला।

इधर बताया गया कि लगभग रात ढाई बजे के आसपास किसी ने 100 डायल पर घटना की सूचना दी।सूचना मिलते ही मुफ्फसिल थाना प्रभारी सह इंस्पेक्टर श्याम किशोर महतो, अवर निरीक्षक गौतम कुमार के साथ थाना की पूरी टीम मौके पर पहुंची और चालक को बाहर निकालने में जुट गए।चूंकि नदी में बाढ़ आयी है, ऐसे में एनडीआरएफ को सूचित करने का निर्णय लिया गया। इस बीच उजाला हुआ तो नदी में मछली मारने वाले मछुआरे सामने आए, जिन्होंने रात में 100 डायल में सूचना दी थी। इनलोगों ने बताया कि उनकी नजर ही इस घटना पर पहले पड़ी थी।बाद में जितेंद्र कुमार राय, आशीष कुमार राय, अरबाज समेत कुल पांच लोग नदी की धार में उतरे और चालक को बाहर निकाला।

पुलिस ने बताया कि पाइप से लदा एक मालवाहक नदी में गिर गया था।इस घटना के बाद चालक किसी तरह वाहन के टायर पर चढ़ गया था।लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद स्थानीय मछुआरों की सहायता से चालक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

error: Content is protected !!