गिरिडीह:तीन महीने से जेल में बंद दुष्कर्म के आरोपी की जेल में बिगड़ी तबीयत, इलाज के दौरान हुई मौत…

गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह केंद्रीय कारा में बंद एक कैदी की अचानक तबीयत बिगड़ जाने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक कैदी की पहचान भेलवाघाटी के कुशवार गांव निवासी अर्जुन यादव (38 वर्ष ) के रूप में की गई है।घटना के बाद जेल सुपरिटेंडेंट ने वरीय अधिकारियों को इसकी जानकारी देने के बाद आगे की प्रक्रिया में जुट गई है।

मिली जानकारी के मुताबिक भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के कुशवार गांव निवासी अर्जुन यादव नामक युवक पिछले तीन माह से 376 (दुष्कर्म के मामले ) आरोप में जेल में बंद था। गुरुवार की दोपहर करीब 12 बजे अचानक अर्जुन यादव को सांस लेने में दिक्कत हुई जिसके बाद जेल सुपरिटेंडेंट के द्वारा जेल में भी बंदी का इलाज कराया गया। स्थिति गंभीर देखते हुए जेल से अर्जुन यादव को बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल के आइसीयू लाया गया जंहा इलाज के दौरान दोपहर में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन के द्वारा घटना की जानकारी जिले के डीसी और एसपी के साथ एनएचआरसी को दी गयी।घटना के बाद मृतक के परिजन भी सदर अस्पताल पहुंच गए।

घटना की जानकारी देते हुए जेल सुपरिटेंडेंट हिमानी प्रिया ने बताया कि अर्जुन यादव गिरिडीह केंद्रीय कारा में दुष्कर्म के आरोप में बंद था।गुरुवार की दोपहर उसे अचानक सांस लेने में दिक्कत हुई, तत्काल जेल में उसका इलाज कराया गया और फिर तबीयत बिगड़ने के बाद बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल के आईसीयू वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां उसकी मौत हो गयी। बताया कि मामले की जानकारी प्रशासनिक अधिकारियों को दे दी गयी है और आगे की कार्रवाई की जा रही है।पोस्टमार्टम होने के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया जाएगा।