घाटशिला उपचुनाव:11 नवंबर को डाले जाएंगे वोट, 14 नवंबर को वोटों की गिनती…
राँची।चुनाव आयोग ने घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की घोषणा कर दी है।11 नवंबर को वोट डाले जाएंगे।वहीं 14 नवंबर को वोटों की गिनती होगी।गौरतलब है कि शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद घाटशिला सीट खाली हुई थी, इसलिए यहां उपचुनाव हो रहा है।
चुनाव आयोग ने आज दिल्ली में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बिहार विधानसभा चुनाव के साथ-साथ झारखण्ड की घाटशिला विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव की घोषणा की। चुनाव आयोग के अनुसार, उपचुनाव की अधिसूचना 13 अक्टूबर को जारी की जाएगी। उम्मीदवार 21 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं, जिसके बाद स्क्रूटनी होगी। स्क्रूटनी 22 अक्टूबर तक होगी। उम्मीदवार 24 अक्टूबर तक अपना नामांकन वापस ले सकते हैं, जिसके बाद 11 नवंबर को मतदान होगा।
उपचुनाव के लिए न तो एनडीए और न ही इंडिया ब्लॉक ने अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। इस सीट पर इंडिया ब्लॉक की ओर से झामुमो का दावा है। झामुमो ने अभी तक अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है। इधर, भाजपा भी अपने पत्ते नहीं खोल रही है।
झामुमो और भाजपा उम्मीदवार के नाम पर एकमत हैं।झामुमो का कहना है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन उचित समय पर उम्मीदवार की घोषणा करेंगे।वहीं, भाजपा का कहना है कि राज्य स्तर पर योग्य उम्मीदवारों के बारे में केंद्रीय नेतृत्व को जल्द ही सूचित किया जाएगा और उसके बाद अंतिम नाम की घोषणा की जाएगी।
इधर मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार ने भारत निर्वाचन आयोग द्वारा की गई घोषणा की जानकारी देते हुए कहा कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में उपचुनाव की घोषणा के साथ आदर्श आचार संहिता लागू हो गई है। यहां 11 नवंबर को मतदान होगा जिसके लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
घाटशिला में 300 बूथों पर 2,55,823 मतदाता करेंगे वोट
घाटशिला विधानसभा क्षेत्र में 300 बूथों पर 2,55,823 मतदाता वोट करेंगे।मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के रवि कुमार के अनुसार, नामांकन शुरू होने से 10 दिन पहले तक मतदाता बन सकते हैं। इस चुनाव में 218 लोकेशन में 300 बूथ बनाए गए हैं। मतदान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद प्रबंध किए गए हैं, जिसमें सभी बूथों पर अंदर बाहर कैमरा लगाए जायेंगे और केन्द्रीय बलों की तैनाती की जायेगी।
उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन के बाद कुल 4,456 मतदाता बढ़े थे, जिसमें 1,585 पुरुष एवं 2871 महिला मतदाताओं की संख्या में वृद्धि है। विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत 2 सितम्बर को हुए मतदाता सूची के प्रारूप प्रकाशन में मतदाताओं की संख्या 2,51,367 थी जो बढ़कर 2,55,823 हो गई है। जिसमें पुरुष 1,24,899 हैं और महिला मतदाताओं की संख्या 1,30,921 है।इस तरह से इस क्षेत्र में महिला मतदाताओं की संख्या पुरुषों के अपेक्षा अधिक है।इस विधानसभा क्षेत्र में पीडब्ल्यूडी 2,735 वोटर और ट्रांसजेंडर वोटर की संख्या 3 है।

