लापता युवक का चार दिन बाद झाड़ी में मिला शव,तीन आरोपी हिरासत में, भाई ने कहा-प्रेमिका के परिजनों ने हत्या की दी थी धमकी…
गिरिडीह।झारखण्ड के गिरिडीह जिले में मंगलवार की देर रात एक नाबलिग लड़के का शव बरामद किया गया। वो 15 अगस्त से लापता था। घटना नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा साईं मंदिर के पास की है। शव झाड़ियों के बीच फेंका मिला।मृतक की पहचान मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पांडेयडीह निवासी 17 वर्षीय रोहित कुमार के रूप में की गई। घटना की सूचना मिलने के बाद नगर व मुफ्फसिल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और आज शव को पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
इधर, मृतक के भाई अमन कुमार के अनुसार, रोहित की प्रेमिका के परिजनों ने भाई को जान से मारने की धमकी दी थी। फिर साजिश के तहत रोहित की हत्या कर दी। वहीं, पुलिस इस मामले में तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
रोहित के सिर पर लोहे की रॉड से वार करने के निशान मिले हैं। परिजनों के अनुसार, रोहित 15 अगस्त को अपने कुछ दोस्तों के साथ घूमने के लिए गया हुआ था, जिसके बाद वह अपने घर वापस नहीं लौटा था। इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से खोजबीन करने के बाद मुफ्फसिल थाना में रोहित की गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था।
पुलिस अपने स्तर से रोहित की खोजबीन करने में जुटी हुई थी, इसी बीच मंगलवार रात रोहित का शव बरामद किया गया। इधर, इस मामले को लेकर रोहित के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ साजिश के तहत हत्या कराने का आरोप लगाया है। रोहित की मां के अनुसार, गांव के कुछ लोगों के साथ पिछले छः माह पूर्व झगड़ा हुआ था।इस दौरान उन लोगों ने घर में घुस कर मारपीट की थी और घर में पेट्रोल छिड़क कर आग लगा दिया था। इस मामले में थाना में बांड भी हुआ था, लेकिन इसके बाद फिर उन सभी लोगों ने मिलकर रोहित की हत्या कर दी।
वहीं, मृतक के भाई अमन कुमार ने बताया कि उसके भाई रोहित का गांव की ही एक लड़की के साथ प्रेम-प्रसंग चल रहा था। छह माह पूर्व लड़की की शादी हो गई थी। शादी के बाद रोहित उसे भूल गया था, लेकिन लड़की के परिजन बार-बार रोहित को जान से मारने की धमकी दे रहे थे। फिर साजिश के तहत रोहित की हत्या करवा दी।
थाना प्रभारी ने बताया कि लड़के की गुमशुदगी का आवेदन मिला था। पुलिस जांच पड़ताल कर रही थी। मंगलवार रात में नगर थाना क्षेत्र के बरगंडा स्थित छठ घाट नदी किनारे झाड़ी में उसका शव मिला। इस मामले में तीन लोगों से पूछताछ की जा रही है।

