पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा-सूर्या हांसदा का एनकाउंटर फर्जी, उच्चस्तरीय जांच हो…
खूँटी।पूर्व केन्द्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने गोड्डा में हुए सूर्या हांसदा एनकाउंटर पर गंभीर सवाल उठाया है। झारखण्ड के पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा ने कहा है कि सूर्या हांसदा पुलिस मुठभेड़ में नहीं मारा गया है, फर्जी एनकाउंटर में उसकी हत्या की गई है। घर से गिरफ्तार कर हत्या दिखाई गई है, इसकी उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए। तोरपा में बुधवार को पत्रकारों से बातचीत करते हुए अर्जुन मुंडा ने कहा कि सूर्या हांसदा पिछले कई वर्षों से उस क्षेत्र में हो रहे विस्थापन, बालू, कोयला और गिट्टी माफिया के खिलाफ अभियान चला रहे थे। वहां कई तरह का अवैध कारोबार चल रहा था साथ ही वहां के आदिवासियों का शोषण किया जा रहा था।जमीन से विस्थापित होकर वहां के आदिवासी संघर्षरत थे। सूर्यां हांसदा उनके हक की आवाज उठा रहे थे। सूर्या को फर्जी केस में फंसाने का षडयंत्र रचा गया था। सूर्या की पत्नी ने गिरफ्तारी के समय पुलिस के सामने पति की तबीयत खराब होने की गुहार लगाई थी। रिश्तेदर के घर से गिरफ्तार करने के बाद एनकाउंटर शो किया गया। आदिवासी परिवार में जन्मे सूर्या हांसदा की नृशंस हत्या यहां के प्रशासन के रवैये और अवैध कारोबारियों के बढ़े दुस्साहस को दिखा रहा है। अर्जुन मुंडा ने कहा कि वे 17 अगस्त को सूर्या हांसदा के परिजनों से मिलने जाएंगे। प्रेसवार्ता में पूर्व भाजपा विधायक कोचे मुंडा और संतोष जायसवाल साथ में थे।

