एक करोड़ की हथनी गायब,प्राथमिकी दर्ज,चिप के जरिए लोकेशन ट्रैक कर रहा वन विभाग,महावत भी फरार
पलामू।झारखण्ड के पलामू जिले में एक करोड़ रुपए कीमत की हथनी के गायब होने का मामला सामने आया है। मेदिनीनगर सदर थाना में इस संबंध में एफआईआर दर्ज की गई है।उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के विंध्याचल निवासी नरेंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि उन्हें जयमति नाम की हथनी यूपी के रहने वाले संगम लाल से जिम्मेनामा पर मिली थी। खाने-पीने की व्यवस्था न होने के कारण वे हथनी को झारखण्ड ले आए थे।
हथनी की देखभाल की जिम्मेदारी मिर्जापुर के रहने वाले मुन्ना पांडेय और चुनार के रहने वाले मन्ना पाठक को दी गई थी। मुन्ना और मन्ना की मुलाकात एक अन्य हाथी मालिक ताड़केश्वर नाथ से हुई। देखभाल करने वाले दोनों महावत मुन्ना और मन्ना हथनी को लेकर पलामू के मेदिनीनगर सदर थाना क्षेत्र के जोरकट इलाके में आए थे।
हाथी मालिक नरेंद्र कुमार 11 अगस्त को जोरकट पहुंचे, जहां उन्हें हथनी और महावत मिले। 13 अगस्त को दुबारा जोरकट गए तो महावत हथनी समेत गायब मिला। उन्होंने झारखण्ड के कई इलाकों में खोजबीन की, लेकिन ना ही हथिनी का कोई सुराग मिला और ना ही महावत से संपर्क हो पा रहा है।
उसके बाद 12 सितंबर को नरेंद्र शुक्ला ने पलामू पुलिस को लिखित शिकायत दी। सदर थाना प्रभारी लालजी के अनुसार, हथनी में लगी चिप की जानकारी वन विभाग को दी गई है। इसके आधार पर हथनी का लोकेशन ट्रैक किया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

