चतरा पुलिस के हत्थे चढ़ा पांच अफीम तस्कर…2 किलो 800 ग्राम अफीम बरामद,दिल्ली भेजी जानी थी खेप…
चतरा।झारखण्ड के चतरा पुलिस ने अवैध अफीम तस्कर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गोसाईडीह क्षेत्र से पांच तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 2.800 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई है, जिसकी अनुमानित कीमत 13 लाख रुपए बताई जा रही है। यह अफीम दिल्ली भेजी जानी थी।एसपी को मिली गुप्त सूचना के आधार पर, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक टीम गठित की गई। इस टीम ने गोसाईडीह के पास वाहनों की सघन जांच शुरू की। जांच के दौरान, दो मोटरसाइकिलों पर सवार पांच व्यक्तियों को रोका गया।
तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 2.800 किलोग्राम अवैध अफीम बरामद हुई। पुलिस ने संदीप कुमार, कपिल यादव, गौतम कुमार, ललन यादव और प्रवीण यादव को गिरफ्तार किया है। इनके पास से अफीम के अलावा दो मोटरसाइकिल और स्मार्ट मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।
गिरफ्तार अभियुक्तों में गौतम कुमार और ललन यादव का पहले भी गंभीर आपराधिक इतिहास रहा है। हंटरगंज थाना में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस रैकेट में शामिल अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।

