पाकुड़ में बाइक चोर गिरोह के पांच अपराधी पुलिस के हत्थे चढ़ा…आधा दर्जन चोरी की बाइक बरामद

 

पाकुड़।झारखण्ड के पाकुड़ में शहरी क्षेत्र में लगातार हो रही बाइक चोरी की घटनाओं को अंजाम देने वाले एक गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी द्वारा गठित टीम ने छापेमारी कर बाइक चोर गिरोह के 5 सदस्यों को गिरफ्तार किया है।अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद के नेतृत्व में की गई छापेमारी में आधा दर्जन चोरी के बाइक भी बरामद किए गए हैं। जिन बाइक चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है, उनमें आकाश कुमार सिंह, अरविंद केसरी, लालटू शेख, लालचंद शेख एवं एक नाबालिग शामिल हैं, जो मुफस्सिल एवं नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं।

बाइक चोर गिरोह के उद्भेदन एवं चोरी के बाइक बरामद होने की जानकारी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद ने पत्रकार सम्मेलन के दौरान दी। उन्होंने बताया कि बैंक कॉलोनी में 7 फरवरी को एक बाइक की चोरी की सूचना मिली थी।इसी सूचना पर पुलिस अधीक्षक ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दयानंद आजाद के नेतृत्व में एसआईटी गठित की।टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की और मिली गुप्त सूचना पर पांच अपराधियों को धर दबोचा एवं उनकी निशानदेही पर चोरी के छह बाइक भी बरामद किए। पकड़े गए सभी अपराधियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।

एसडीपीओ दयानंद आजाद ने बताया कि गिरफ्तार बाइक चोरों ने इस गिरोह में शामिल कई अन्य अपराधियों के नाम बताए हैं, जिसकी गिरफ़्तारी को लेकर संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। छापेमारी दल में नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता के अलावा पुलिस अवर निरीक्षक अभिषेक कुमार, सन्नी सुप्रभात, मिथुन रजक, सहायक अवर निरीक्षक बिपिन कुमार यादव, सूरज मुर्मू दलबल शामिल थे।

error: Content is protected !!