घर में घुसकर युवक को मारी गोली,टीएमएच में चल रहा इलाज,आपसी रंजिश में फायरिंग…

 

जमशेदपुर।झारखण्ड के पूर्वी सिंहभूम जिले के बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गांधीनगर में देर रात बादल नामक युवक ने गांधीनगर निवासी पोपो मुंडा पर फायरिंग कर दी। जानकारी के मुताबिक पोपो मुंडा अपने घर पर लेटा हुआ था, तभी अचानक बादल वहां पहुंचा।मौके पर ही आरोपी ने गोलियां बरसा दीं। पोपो को दो गोलियां प्राइवेट पार्ट में लगीं, जिससे वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से उसे तत्काल इलाज के लिए टाटा मुख्य अस्पताल (टीएमएच) पहुंचाया गया।

डॉक्टरों ने बताया कि पोपो मुंडा को दो गोलियां लगी हैं, लेकिन फिलहाल उसकी हालत खतरे से बाहर है। परिजनों ने राहत की सांस ली है। पुलिस के अनुसार, यह गोलीबारी किसी आपसी रंजिश के कारण हुई है। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की जांच कर रही है।

घटना की प्रत्यक्षदर्शी गुड़िया ने पुलिस को बताया कि बादल ही वह युवक है, जिसने पोपो पर दो गोलियां चलाईं। गोली चलते ही इलाके में भगदड़ मच गई। लोग दहशत में अपने घरों में बंद हो गए। इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

घटना की सूचना पर विधि व्यवस्था डीएसपी तौकीर आलम दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थानीय लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने घटनास्थल से एक खाली खोखा बरामद किया है।

डीएसपी आलम ने बताया कि शुरुआती जांच में आपसी रंजिश की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि गोली चलाने वाले आरोपी बादल की पहचान हो चुकी है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी गई है।

error: Content is protected !!