देवघर: बहुमंजिला कपड़ा शोरूम में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर हुआ खाक
देवघर।झारखण्ड के बाबा नगरी देवघर में टावर चौक के पास बुधवार देर रात को एक कपड़े के शोरूम में भीषण आग लग गई। इस बहुमंजिला दुकान में देखते-देखते आग बेकाबू हो गई और पूरे दुकान में आग फैल गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि करीब 2 बजे रात को दुकान से धुआं निकलता दिखाई दिया। इससे पहले कि लोग कुछ समझ पाते, पूरी दुकान में आग फैल गई।लोगों ने तुरंत दुकान मालिक और अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दमकल की एक गाड़ी मौके पर पहुंची और आग को बुझाने में जुट गई। लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए दो और दमकल गाड़ियां मंगवायी गई और लगभग साढ़े तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।हालांकि तब तक दुकान का पूरा सामान जलकर राख हो चुका था।
स्थानीय लोगों ने बताया कि देर रात होने के कारण आग पर काबू पा लिया गया। यदि घटना दिन में होती तो भारी ट्रैफिक की वजह से दमकल गाड़ी मौके पर नहीं पहुंच पाती।साथ ही माल जाल को भी काफी नुकसान पहुंचता। घटना को लेकर कुंडा थाना के इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि शुरुआती जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट लग रहा है। हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही घटना का स्पष्ट कारण पता चल पाएगा।
वहीं, कपड़ा शोरूम के मालिक ने बताया कि आग लगने से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। कपड़ों समेत सारा सजावटी सामान जलकर राख हो गया। उन्होंने कहा कि वह इसकी जांच करवाएंगे कि शॉर्ट सर्किट से इतनी भयानक आग कैसे लगी।

