दो बाइकों के बीच भीषण टक्कर,तीन बाइक सवार की मौत,दो गंभीर रूप से घायल
लोहरदगा।झारखण्ड के लोहरदगा जिला के भंडरा थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। इस घटना में तीन युवकों की मौके पर ही जान चली गई है। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इधर, घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।
बताया जाता है कि मिजान अंसारी टाइफाइड का इलाज कराकर राँची से अपने दोस्त के साथ लोहरदगा लौट रहे थे।इसी दौरान कुंदो मैदान के पास विपरीत दिशा से आ रही एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। बाइक पर सवार पांचों लोग सड़क पर गिर गए, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। यह घटना लोहरदगा-बेड़ो नेशनल हाईवे संख्या 143 एजी में हुई है।
मृतक की पहचान लोहरदगा राहत नगर निवासी कलाम अंसारी के पुत्र मिजान अंसारी (28 वर्ष), भंडरा थाना क्षेत्र के पंडरिया गांव निवासी फगुआ उरांव के पुत्र प्रकाश उरांव (25 वर्ष) व स्वर्गीय लालू उरांव के पुत्र मुकेश उरांव (27 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं, घायलों में लोहरदगा जोरी निवासी अबुल अंसारी के पुत्र इरफान अंसारी (25 वर्ष) और भंडरा थाना क्षेत्र के पंडरिया गांव निवासी फ़तलू उरांव का पुत्र गोविंदा उरांव शामिल हैं।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही भंडरा थाना प्रभारी रवि रंजन कुमार घटनास्थल पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए भंडरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।जहां से घायलों का प्राथमिक इलाज कर उन्हें रिम्स भेज दिया गया।लोहरदगा के डीएसपी सुधीर प्रसाद साहू ने बताया कि एनएच 143 एजी में भंडारा थाना क्षेत्र के कुंदों के समीप दो बाइक के बीच हुई टक्कर में तीन युवकों की मौत हो गई है।जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

