2 लाख सुपारी देकर ससुर ने बहू को मरवाया था..6 आरोपी गिरफ्तार
सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के दरभंगा ओपी अंतर्गत मुत्तुगोडा गांव में बीते 13 जून को 35 वर्षीय महिला की हत्या मामले में पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।हत्याकांड का खुलासा करते हुए सरायकेला पुलिस अधीक्षक मुकेश लुनायत ने बताया कि मुत्तुगोडा गांव में बीते 13 जून को पांडु मुंडा की 35 वर्षीय पत्नी मोगरो मुंडा की अज्ञात लोगों द्वारा गला काटकर हत्या कर दी गई थी। जिसकी जानकारी दरभंगा ओपी पुलिस को प्राप्त हुई थी।पुलिस ने महिला के शव को बरामद कर हत्या का मामला दर्ज कर अनुसंधान प्रारंभ किया।इसी कड़ी में पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सबूतों के आधार पर महिला की हत्या में शामिल 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनके पास से पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त चाकू और मोटरसाइकिल भी जब्त की है। एसपी ने बताया कि एसडीपीओ समीर सेवइयां के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसमें सर्किल इंस्पेक्टर नितिन कुमार, कुचाई थाना प्रभारी और दरभंगा ओपी प्रभारी शामिल थे।एसपी मुकेश लुनायत ने बताया कि डायन बिसाही के आरोप में महिला के ससुर सोयना मुंडा, फुफेरे देवर सुखलाल मुंडा, देवरानी डोली मुंडा ने हत्या की साजिश रची थी।खरसावां के तीन युवकों को हत्या के लिए कॉन्ट्रैक्ट दिया गया था।जिसमें साहब हेंब्रम, रायमर मुंडा और गुरुदेव मुंडा शामिल हैं।ससुर ने हत्या का सौदा 2 लाख में किया था।पुलिस की गिरफ्त में आए सभी आरोपियों ने जुर्म कबूल किया है।

