मॉर्निंग वॉक के दौरान पिस्टल दिखाकर फुटबॉल खिलाड़ी से चेन छिनतई,अपराधी चेहरे पर लगा रखा था नकाब

जमशेदपुर।जमशेदपुर के कदमा थाना क्षेत्र में एक फुटबॉल खिलाड़ी से चेन लूट की घटना सामने आई है। शुक्रवार सुबह लिंक रोड पर मॉर्निंग वॉक कर रहे रामदेव सिंह से दो नकाबपोश अपराधियों ने पिस्टल दिखाकर सोने की चेन छीन ली और फरार हो गए।मॉर्निंग वॉकर एस.एल. दास के अनुसार, रामदेव सिंह प्रतिदिन की तरह सुबह टहल रहे थे। तभी बाइक पर सवार दो नकाबपोश युवक तेज रफ्तार से उनके पास आए। उन्होंने रामदेव सिंह को रोका, पिस्टल दिखाई और उनके गले से चेन छीनकर मौके से फरार हो गए।

यह घटना इतनी तेजी से हुई कि आसपास टहल रहे लोग कुछ समझ नहीं पाए। अपराधियों के हथियार लहराते हुए फरार होने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। कुछ लोगों ने शोर मचाकर उन्हें रोकने का प्रयास किया, लेकिन अपराधी भागने में सफल रहे।घटना की सूचना मिलते ही कदमा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची।पुलिस अपराधियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

स्थानीय लोगों ने इस वारदात पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि मॉर्निंग वॉक अब असुरक्षित हो गया है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द अपराधियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

error: Content is protected !!