दुमका पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ मिली बड़ी सफलता, छह आरोपी गिरफ्तार
दुमका।झारखण्ड के दुमका जिला पुलिस ने साइबर अपराध और पुलिस के साथ मारपीट और सरकारी कार्य में बाधा डालने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार कर बुधवार को जेल भेज दिया है।जबकि एक अन्य की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस ने सभी के पास से एक कार और पांच मोबाइल भी बरामद किया है।जिले के सरैयाहाट थाना की पुलिस ने साइबर अपराध के मामले में छह युवकों को गिरफ्तार किया है। इस पूरे मामले में थाना प्रभारी राजेंद्र यादव ने बताया कि चोराजोर गांव के नाविर दास ने पुलिस को सूचित किया कि उसके बेटे निरंजन दास को एक कार से ककनी गांव का रोशन शर्मा और हीरो रजक जबरदस्ती लेकर चला गया है।
सूचना के बाद जब पुलिस खोजबीन के दौरान पास के कोठिया गांव पहुंची तो देखा कि कार रौशन शर्मा के घर के सामने खड़ी है। गाड़ी के अंदर बैठे रौशन और हीरो नामक दो युवक को वाहन समेत पूछताछ के लिए थाना लाया गया। दोनों ने बताया कि घघरी गांव का साइबर अपराधी करण कुमार अलग-अलग खाते पर कमीशन देकर पैसा मंगवाता है। पुलिस को इस पूछताछ में कई युवकों के बारे में यह जानकारी हुई कि वे भी इस धंधे में शामिल हैं।
इधर, पुलिस जब घघरी गांव के करण को पूछताछ के लिए थाना ले जाने लगी तो उसकी मां सविता देवी और बड़े पापा चंद्रशेखर मंडल ने करण को ले जाने से रोका।पुलिस के साथ धक्का मुक्की कर सरकारी कार्य में बाधा डाली।हालांकि थोड़ी देर बाद कोठिया से निरंजन को गिरफ्तार कर लिया गया।
थाना प्रभारी राजेन्द्र यादव ने बताया कि पुलिस ने साइबर ठगी, लेनदेन और मिलीभगत के आरोप में रौशन शर्मा, हीरो रजक, टुवन दास, करण कुमार, निरंजन दास, चन्द्रशेखर मंडल को गिरफ्तार किया है। इस मामले से जुड़े अन्य लोगों की भी तलाश की जा रही है।

