गवाही की रंजिश में रिश्तेदार ने घर में लगाई आग,सीसीटीवी से खुला राज,आरोपी गिरफ्तार..आरोपी ने कहा उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था…
-आधी रात आंगन में केरोसिन डालकर की आगजनी, स्कूटर-वाशिंग मशीन समेत कई सामान जले; करीब 2.20 लाख का नुकसान
राँची।राजधानी राँची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में गवाही देने की रंजिश में घर में आग लगाने का मामला सामने आया है। मधुकम तालाब के पास रहने वाले राहुल कुमार के घर के आंगन में आधी रात आग लगा दी गई। इस घटना में स्कूटर, वाशिंग मशीन, इलेक्ट्रिक मीटर और साइकिल जलकर क्षतिग्रस्त हो गए। पीड़ित के आवेदन पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। घटना 10 मार्च की रात करीब 12:30 बजे की है।
राहुल कुमार के अनुसार अचानक घर के बाहर आंगन में तेज आग लग गई। आग की लपटें देख परिवार के लोग घबरा गए और किसी तरह मिलकर आग पर काबू पाया। समय रहते आग बुझा दी गई, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।
सुबह घटनास्थल की जांच करने पर जला हुआ कपड़ा मिला, जिससे केरोसिन तेल की तेज गंध आ रही थी। इसके बाद आसपास लगे CCTV कैमरों की जांच की गई। फुटेज में एक व्यक्ति पीले रंग की स्कूटी से आता दिखाई दिया। गौर से देखने पर उसकी पहचान राहुल के रिश्तेदार अमित कुमार के रूप में हुई। पीड़ित के अनुसार अमित कुमार पहले से ही एक आपराधिक मामले में दी गई गवाही को लेकर नाराज था और कई बार जान से मारने की धमकी दे चुका था। आशंका है कि उसी रंजिश में उसने केरोसिन डालकर आगजनी की घटना को अंजाम दिया। इस आगजनी में स्कूटर, वाशिंग मशीन, इलेक्ट्रिक मीटर और साइकिल समेत करीब 2 लाख 20 हजार रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है।
पुलिस ने राहुल कुमार के लिखित आवेदन पर सुखदेवनगर थाना कांड संख्या 81/26 दर्ज करते हुए आरोपी अमित कुमार के खिलाफ बीएनएस की धारा 329(4), 324(5), 351(2) और 326(9) के तहत मामला दर्ज किया है। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं गिरफ्तार अमित कुमार ने पुलिस को पूछताछ में अपना जुर्म कबूल कर लिया है।उसने पुलिस को पीड़ित और वे एक-दूसरे को पहले से जानते हैं।आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह पीड़ित से रंजिश रखता था।उसका आरोप है कि वादी (घर का मालिक) उसकी पत्नी पर गलत नजर रखता था। इसी प्रतिशोध की भावना में आकर उसने पूरे परिवार को खत्म करने के लिए आगजनी की। इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया।

