बोकारो में बच्चा चोरी की अफवाह पर जिला प्रशासन की सख्ती, 300 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स चिन्हित.. डीसी ने कार्रवाई करने का दिया आदेश…

 

बोकारो।झारखण्ड के बोकारो जिले में साधु-संतों की पिटाई के बाद बोकारो डीसी अजय नाथ झा ने सख्त रुख अपनाते हुए पुलिस को निर्देश दिया कि किसी भी हाल में बच्चा चोर अफवाह के नाम पर जनमानस के साथ क्रूरता कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी।जिले में पिछले कुछ दिनों से बच्चा चोरी की अफवाहें फैलाने की घटनाएं सामने आई हैं।मामले की जांच में यह पाया गया है कि लगभग 300 से अधिक सोशल मीडिया अकाउंट्स द्वारा सुनियोजित तरीके से भ्रामक सूचनाएं प्रसारित की गई हैं।

बोकारो डीसी ने पुलिस को सख्त निर्देश दिया है कि ऐसे मामले में तत्परता से कार्रवाई करें और जनता की सुरक्षा को पहली प्राथमिकता बनाएं।साथ ही अफवाह फैलाने वाले सारे सोशल मीडिया अकाउंट्स को चिन्हित कर उनपर कार्रवाई का निर्देश दिया है। डीसी ने कहा कि इस मामले में संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दोषियों की गिरफ्तारी भी सुनिश्चित की जाएगी।उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन अफवाह फैलाने वाले तत्वों की पहचान कर उनके खिलाफ विधि-सम्मत कार्रवाई करेगा।

डीसी ने आम नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अपुष्ट खबर, वीडियो या सोशल मीडिया संदेश का बिना सत्यापन विश्वास न करें और न ही उसे आगे साझा करें।किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति दिखाई देने पर तुरंत डायल 112 पर पुलिस को सूचना दें। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

https://x.com/i/status/2022580952145207323

डीसी ने चेतावनी दी है कि किसी भी परिस्थिति में कानून को अपने हाथ में नहीं लें। अफवाहों के आधार पर किसी भी व्यक्ति के साथ दुर्व्यवहार, मारपीट या हिंसा करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।पुलिस प्रशासन को निर्देश दिया गया है कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए एवं अफवाह फैलाने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

error: Content is protected !!