धनबाद पुलिस ने साइबर ठगी गिरोह का किया भंडाफोड़…गेस्ट हाउस से चार आरोपी गिरफ्तार
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद पुलिस को साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। 23 दिसंबर 2025 को दोपहर करीब 1:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि खालसा होटल के पास स्थित माँ शांति गेस्ट हाउस में कुछ युवक साइबर ठगी कर रहे हैं। इस सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक, मुख्यालय-1 के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया।छापेमारी के दौरान गेस्ट हाउस से चार संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया गया। तलाशी में उनके पास से कुल आठ मोबाइल फोन बरामद हुए। इन फोनों की जांच में व्हाट्सएप के जरिए पैसों के लेन-देन, बैंक खाता नंबर, संदिग्ध लिंक, APK फाइल और साइबर ठगी से संबंधित कई चैट मिले। पुलिस ने इन चैट्स के स्क्रीनशॉट लेकर उन्हें साक्ष्य के तौर पर सुरक्षित कर लिया है।इसके अतिरिक्त, गेस्ट हाउस के सामने सड़क किनारे खड़ी एक सफेद रंग की कार भी जब्त की गई। कार के अंदर से पांच और एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद हुए। जांच में पता चला कि एक मोबाइल नंबर और उससे जुड़े बैंक खाते के खिलाफ NCRP/JMIS पोर्टल पर उत्तर प्रदेश, बिहार और महाराष्ट्र से कुल चार साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज थीं।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत यादव, पवन कुमार मंडल, राहुल कुमार मंडल और विपिन कुमार पासवान के रूप में हुई है। ये सभी झारखण्ड और बिहार के विभिन्न जिलों के निवासी हैं। पुलिस ने सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और आगे की तकनीकी जांच जारी है।इस छापेमारी दल में गोविंदपुर थाना के कई पुलिस पदाधिकारी और जवान शामिल थे। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और जल्द ही और खुलासे होने की संभावना है।

