धनबाद:तेज रफ्तार में कार सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई, हादसे में महिला की मौत, एक अन्य गंभीर रूप से घायल…

धनबाद।झारखण्ड में धनबाद जिले के गोविंदपुर थाना क्षेत्र के टुंडी-गोविंदपुर मुख्य मार्ग पर जगदंबा हार्डकोक के निकट मंगलवार को भीषण सड़क दुर्घटना हुई है।हादसे में एक महिला की मौत हो गई है और एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया है।जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार कार ने सड़क किनारे खड़े ट्रक को जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें कार पर सवार महिला की जान चली गई है।साथ ही कार सवार एक अन्य शख्स गंभीर रूप से घायल हो गया है।पुलिस और स्थानीय लोगों ने घायल को एसएनएमएमसी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां प्राथमिक इलाज के बाद बेहतर इलाज के लिए घायल को डॉक्टर ने दुर्गापुर रेफर कर दिया है।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई थी।लोगों ने फौरन घटना की जानकारी गोविंदपुर थाना की पुलिस को दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों और मृत महिला को एसएनएमएमसी अस्पताल भेज दिया।साथ ही पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को जब्त कर लिया है।पुलिस मामले में आगे की छानबीन में जुट गई है।

वहीं घटना के संबंध में मृतक के परिजनों ने बताया कि आलम मल्लिक अपने परिवार के साथ गिरिडीह से रानीगंज जा रहे थे। इसी क्रम धनबाद के गोविंदपुर में सड़क दुर्घटना हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से उनके घायल रिश्तेदार को अस्पताल ले जाया गया है।