दलदल में फंसे बीमार हाथी की मौत,ग्रामीणों ने रीति-रिवाज के अनुसार मृत हाथी की पूजा-अर्चना की और नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी…

 

सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र में एक अत्यंत दुखद घटना सामने आई है। जहां नीमडीह थाना के चातरमा गांव की जंगल-तराई में रविवार को दलदल में फंसे एक जंगली हाथी की इलाज के दौरान मौत हो गई।बताया जा रहा है कि यह हाथी पिछले कई दिनों से अस्वस्थ था और अत्यधिक भूख व कमजोरी से जूझ रहा था।इसी कमजोरी के कारण वह पास के धान के खेत की कीचड़ में गिर गया और दलदल में बुरी तरह फंस गया। वह बहुत कोशिशों के बावजूद खुद को बाहर नहीं निकाल सका और तड़पता रहा।

शनिवार सुबह ग्रामीणों ने जब हाथी को इस दयनीय अवस्था में देखा, तो उन्होंने तुरंत चांडिल वन क्षेत्र के अधिकारियों को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम और पशु चिकित्सक मौके पर पहुंचे।हाथी को दलदल से निकालने के लिए जेसीबी सहित अन्य संसाधनों का उपयोग किया गया।वन विभाग, पशु चिकित्सकों और स्थानीय ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास के बावजूद हाथी की हालत लगातार नाजुक बनी रही और अंततः उसकी मौत हो गई।

​हाथी की मौत के बाद ग्रामीणों में गहरा दुख देखा गया।लोगों ने रीति-रिवाज के अनुसार मृत हाथी की पूजा-अर्चना की और नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी। इस घटना ने वन विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।ग्रामीणों का आरोप है कि यदि समय रहते हाथी की समुचित देखभाल और बेहतर व्यवस्था की गई होती, तो शायद उसकी जान बचाई जा सकती थी।लोगों का कहना है कि भूख और कमजोरी से तड़पकर एक जंगली हाथी की मौत होना चिंताजनक है।

​वहीं चांडिल वन क्षेत्र पदाधिकारी शशि प्रकाश रंजन ने बताया कि यह हाथी करीब तीन महीनों से बीमार था।उसका इलाज पहले से ही चल रहा था।उन्होंने कहा कि हाथी किस कारण से इस स्थान तक पहुंचा, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।फिलहाल वन विभाग हाथी के पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार की आवश्यक तैयारियों में जुटा हुआ है।

error: Content is protected !!