कुएं से मिली महिला की लाश…चार साल से लिव-इन में रह रही महिला, मंगलवार को ही किराए के घर में हुई थी शिफ्ट
सरायकेला।झारखण्ड के सरायकेला-खरसावां जिले के कांड्रा थाना क्षेत्र के पदमपुर गांव में बुधवार की सुबह एक महिला का शव कुएं में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया।सुबह ग्रामीणों ने महिला का शव तैरता हुआ देखा।इसके बाद तुरंत इसकी सूचना आसपास के लोगों को दी। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने इसकी जानकारी स्थानीय जनप्रतिनिधि को दी। मौके पर गांव के कई लोग पहुंचे। इसके बाद महिला के शव को कुएं से बाहर निकाला गया।
मृतका की पहचान चांडिल के रुचाप गांव की रहने वाली रूपा देवी के रूप में हुई है। रूपा पिछले चार वर्षों से अपने पुरुष मित्र रोशन कुमार सिन्हा के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही थी। जानकारी के अनुसार, दोनों मंगलवार को ही पदमपुर गांव पहुंचे थे।वे बबलू बास्के के घर में किराये पर रहने लगे थे। मंगलवार शाम दोनों ने खाना खाया और आराम किया। देर रात रोशन सिन्हा अपनी ड्यूटी पर चला गया, जिसके बाद देर रात से सुबह के बीच किसी समय यह घटना हुई।
लोगों का कहना है कि रूपा ने सुबह तड़के अज्ञात कारणों से कुएं में छलांग लगा दी। हालांकि ग्रामीणों के दावे के बावजूद यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि उसने खुदकुशी क्यों की। आसपास के लोगों का कहना है कि रूपा शांत स्वभाव की थी। किसी तरह का विवाद सामने नहीं आया था। ऐसे में अचानक मौत की खबर ने लोगों को चौंका दिया।
घटना की सूचना मिलते ही कांड्रा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच कई बिंदुओं पर की जा रही है।

