नाले में मिली लाश, इलाके में हड़कंप…जांच में जुटी है पुलिस..
धनबाद।झारखण्ड के धनबाद शहर के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र स्थित पंडरपाला में रविवार की सुबह सनसनी फैल गई, जब राजेंद्र ग्राउंड के निकट बह रहे नाले में एक व्यक्ति का शव दिखाई दिया। सुबह टहलने निकले लोगों ने नाला में शव देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची।पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से शव को नाले से बाहर निकलवाया। मृतक की पहचान पंडरपाला निवासी आफताब खान (करीब 45 वर्ष) के रूप में की गई। पहचान सुनिश्चित होने के बाद परिजनों को घटना की जानकारी दी गई।घटनास्थल पर पहुंचे मृतक के छोटे भाई अनवर खान ने बताया कि उनके भाई की मानसिक हालत काफी समय से ठीक नहीं थी और उनका इलाज चल रहा था।वे अक्सर घर से बिना बताए निकल जाते थे और इधर-उधर घूमते रहते थे।पिछले दो दिनों से वे लापता थे और आज रविवार को उनका शव मिला है।
इस मामले की जानकारी देते हुए बैंक मोड़ थाना के एसआई सुनील कुमार रवि ने कहा कि नाला में शव होने की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। परिजनों और स्थानीय लोगों ने बताया कि आफताब खान मानसिक रूप से अस्वस्थ थे।प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि भटकते हुए वे नाले के पास पहुंच गए होंगे और पैर फिसलने से गिर पड़े होंगे, जिससे उनकी जान चली गई।फिलहाल पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

