चाईबासा:सारंडा में सांप के काटने से सीआरपीएफ जवान की मौत

 

राँची। झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा में नक्सलियों के खिलाफ चल रहे अभियान में सुरक्षा बलों को एक बार फिर से नुकसान हुआ है। सारंडा के घनघोर जंगलों में जहरीले सांप के डसने की वजह से सीआरपीएफ के जवान की मौत हो गई।सीआरपीएफ जवान संदीप कुमार यूपी के देवरिया के रहने वाले थे।

सारंडा में नक्सल अभियान के दौरान सांप, बिच्छू, मच्छर और वज्रपात, नक्सलियों से ज्यादा खतरनाक साबित होते रहे है। एक बार फिर सारंडा में सांप के डसने की वजह से सीआरपीएफ 209 कोबरा बटालियन के जवान संदीप कुमार की मौत हो गई।

पुलिस मुख्यालय से मिली जानकारी के अनुसार सारंडा के छोटा नगरा के जंगलों में 209 कोबरा बटालियन नक्सलियों के खिलाफ सर्च अभियान पर निकली थी।इसी दौरान एक जहरीले सांप ने जवान संदीप कुमार को डस लिया। जवान को सांप के द्वारा डसने की सूचना मिलने पर आनन-फानन में उन्हें जंगल से निकाल कर किरीबुरू के एक अस्पताल में ले जाया गया लेकिन इलाज के दौरान सीआरपीएफ जवान संदीप को मृत घोषित कर दिया गया।

साथियों ने बताया कि तत्काल थोलकोबाद कैंप लाकर एंटी वेनम इंजेक्शन दिया। हालत बिगड़ते देख रात में ही किरीबुरू सेल अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सक ने भरसक प्रयास किया, परंतु 30 सितम्बर की मध्यरात्रि करीब 12 बजे संदीप ने अंतिम सांस ली।

जवान की मौत की सूचना से कोबरा 209 बटालियन समेत पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। स्थानीय पुलिस अधिकारी व ग्रामीण भी गमगीन हैं। इधर बताया गया कि आवश्यक औपचारिकताओं के बाद संदीप कुमार का पार्थिव शरीर राँची रवाना कर दिया गया। पोस्टमार्टम के उपरांत उन्हें राजकीय सम्मान के साथ परिजनों को सौंप अंतिम संस्कार किया जाएगा।

error: Content is protected !!