हजारीबाग:श्री ज्वैलर्स में अंधाधूंध फायरिंग…बाइक पर आए अपराधी और गोलीबारी कर हुआ फरार…एक अपराधी ने वीडियो जारी कर ली जिम्मेवारी…

हजारीबाग।झारखण्ड के हजारीबाग जिले के महावीर स्थान चौक पर स्थित श्री ज्वैलर्स की दुकान को अज्ञात अपराधियों ने निशाना बनाया। दो बाइक सवार बदमाशों ने दुकान के गेट पर सात राउंड फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।घटना सदर थाना क्षेत्र की है। फायरिंग के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को दुकान के बाहर से छह खोखे बरामद हुए हैं, जबकि दुकान के शटर पर सात गोलियों के निशान साफ देखे जा सकते हैं। इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है। लेकिन इससे इलाके में दहशत का माहौल है।

घटना स्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि दो बदमाश बाइक से दुकान के सामने आते हैं। एक बदमाश ने हेलमेट पहन रखा था जबकि दूसरे ने लाल रंग का गमछा मुंह पर बांधा हुआ था। इनमें से एक बदमाश ने कमर से पिस्तौल निकालकर दुकान की ओर गोलियां चलाईं।गौर करने वाली बात यह है कि बदमाशों ने दुकान के अंदर प्रवेश नहीं किया, केवल बाहर से फायरिंग की और भाग निकले। पुलिस को आशंका है कि यह घटना किसी लूटपाट के इरादे से नहीं, बल्कि व्यापारियों में भय फैलाने के उद्देश्य से की गई है।

वहीं सदर एसडीपीओ अमित आनंद ने बताया कि घटना को गंभीरता से लिया गया है। अपराधियों की तलाश में पूरे इलाके में कॉम्बिंग ऑपरेशन चलाया जा रहा है। आसपास के सभी सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और गश्त बढ़ा दी गई है। उन्होंने पुष्टि की कि घटना के दौरान सात राउंड फायरिंग हुई है।

 वीडियो सोशल मीडिया में वायरल,गोलीबारी की ली जिम्मेवारी..!

उत्तरी छोटानागपुर में अपराध की दुनिया में एक नया नाम तेजी से उभरकर सामने आया है।चतरा जिले का रहने वाला उत्तम यादव ने हजारीबाग गोलीकांड की जिम्मेवारी ली है। खुद इस अपराधी ने एक वीडियो जारी किया है, जिसमें वह हाथों में हथियार लेकर खुलेआम धमकी देता नजर आ रहा है।

वायरल वीडियो में उत्तम यादव ने खुद को ‘बादशाह’ बताते हुए अपने गैंग की ताकत का प्रदर्शन किया और पुलिस को चुनौती दी है। इससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। वीडियो सामने आने के बाद हजारीबाग और चतरा पुलिस हरकत में आ गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित कर दी गई है।

गौरतलब है कि उत्तम यादव छात्राओं से छेड़खानी जैसे संगीन मामले में पहले भी जेल जा चुका है और अब वह खुद को अपराध जगत में स्थापित करने की कोशिश में है। पुलिस का कहना है कि वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

error: Content is protected !!