जमशेदपुर में दिनदहाड़े 10 लाख रुपए की लूट..CCTV में कैद हुए अपराधी…
जमशेदपुर।झारखण्ड के जमशेदपुर स्थित बिरसानगर में सोमवार को दिनदहाड़े पीके कंस्ट्रक्शन कंपनी के ऑफिस में 10 लाख रुपए की लूट हुई। तीन अपराधियों ने हथियार के बल पर कंपनी मालिक से नगदी छीनी और फरार हो गए। यह पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।तीनों आरोपी बाइक से आए थे।
इधर, घटना की सूचना मिलते ही बिरसानगर थाना पुलिस और सिटी डीएसपी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तत्काल इलाके की नाकेबंदी कर अपराधियों की तलाश शुरू कर दी है।
डीएसपी सुनील चौधरी ने बताया कि पीके कंस्ट्रक्शन कंपनी के मालिक पंकज कुमार सिंह अपने कार्यालय में मजदूरों के भुगतान के लिए कैश गिन रहे थे। इसी दौरान हथियारबंद तीन युवक ऑफिस में घुस आए।बदमाशों ने पिस्तौल के बल पर पंकज कुमार और उनके कर्मचारियों को धमकाया। इसके बाद मेज पर रखे 10 लाख रुपए से भरे बैग को लूट लिया।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी कार्यालय से बाहर निकले और कॉम्प्लेक्स के बाहर खड़ी बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। भागते समय उन्होंने दो राउंड हवाई फायरिंग भी की, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तीनों अपराधियों के हुलिए की पहचान करने का प्रयास कर रही है। साथ ही, कंपनी मालिक और अन्य कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि अपराधियों को नगदी की जानकारी पहले से कैसे मिली।

