चाईबासा:तेज रफ्तार में स्कॉर्पियो पलटी..दुर्घटना में ठेकेदार की मौत,तीन दोस्त गंभीर रूप से घायल…
चाईबासा।झारखण्ड के पश्चिमी सिंहभूम जिले में राष्ट्रीय उच्च पथ संख्या 220 अंतर्गत चाईबासा-हाता मार्ग पर आयता गांव के पास हुई सड़क दुर्घटना में चाईबासा के गांधी टोला निवासी 30 वर्षीय आशुतोष कुमार की मौत हो गई।इस हादसे में उसके तीन साथी भी बुरी तरह जख्मी हुए हैं। उनके से एक को गंभीर अवस्था में जमशेदपुर भेजा गया है। आशुतोष पेशे से संवेदक था। पेयजल विभाग की योजनाओं में ठेकेदारी करता था।
बताया जाता है कि रविवार की शाम चार बजे आशुतोष अपने तीन दोस्त पंकज कुमार साव, प्रिंस कुमार व शंकर कुमार के साथ चाईबासा से स्कॉर्पियो में कुजू के चालियामा किसी कार्य से जा रहा था।इसी दौरान आयता गांव के पास एक मोटरसाइकिल सवार को बचाने के चक्कर में आशुतोष कुमार ने अचानक ब्रेक लगा दिया। स्कॉर्पियो की गति तेज होने के कारण सड़क पर ही तीन-चार बार पलट गई, जिससे आशुतोष कुमार को सिर में चोट लगने के कारण घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
जबकि अन्य तीन युवक वाहन में ही फंसे रह गये। सड़क दुर्घटना को देखते हुए स्थानीय युवकों ने तत्काल ही दूसरे वाहनों की मदद से चारों को सदर अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद आशुतोष की मौत की पुष्टि की।पंकज कुमार साव को सीना और सिर में चोट लगने की वजह से बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर रेफर कर दिया गया। प्रिंस कुमार और शंकर कुमार का इलाज चाईबासा सदर अस्पताल में चल रहा है।
सड़क दुर्घटना में आशुतोष की मौत की जानकारी होते ही परिवार के सदस्य, दोस्त और मोहल्ले के लोगों की सदर अस्पताल में भीड़ जमा हो गई। आशुतोष की माँ और बहन का रो-रोकर बुरा हाल हो गया हैउनकी माँ रो-रोकर कह रही थी कि सुबह ही मदर्स डे की बधाई दी और शाम में बेटे की लाश देखने को मिल रहा है, यह भगवान का कैसा इंसाफ है, जिससे पूरा माहौल गमगीन हो गया।बताया जा रहा है कि आशुतोष कुमार काफी मिलनसार किस्म का युवक था। गांधी टोला समेत शहर में अच्छी पहचान बना कर रखी थी। दो साल पूर्व ही उनके पिताजी का भी निधन हो गया था।

