लातेहार में कंटेनर पलटने से हुआ खुलासा: करोड़ों की अवैध शराब की खेप जब्त..कंटेनर में 1000 पेटी एम्पायर ब्लू शराब लोड था..ड्राइवर-खलासी हुए फरार
लातेहार।झारखण्ड के लातेहार जिले के चंदवा थाना क्षेत्र में अवैध शराब तस्करी का एक बड़ा मामला सामने आया है। देवनत नदी के पास पुलिस की नियमित वाहन चेकिंग के दौरान एक कंटेनर पलट गया, जिसके बाद उसमें छुपाकर ले जाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब का खुलासा हुआ।कंटेनर से करीब 1000 पेटी ‘एम्पायर ब्लू’ ब्रांड की विदेशी शराब बरामद की गई है। घटना के बाद कंटेनर का चालक और उपचालक मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
चंदवा थाना प्रभारी रणधीर सिंह ने बताया कि पुलिस देवनत नदी के पास रात में वाहन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक कंटेनर (नंबर जीजे 12 बीजेड 8638) को संदेह के आधार पर रोकने का प्रयास किया गया।पुलिस को देखते ही चालक ने कंटेनर की रफ्तार बढ़ा दी और भागने की कोशिश करने लगा। तेज गति और अंधेरे के कारण कंटेनर अनियंत्रित होकर देवनत नदी के पास सड़क किनारे पलट गया। हादसे का फायदा उठाकर चालक और उपचालक मौके से फरार हो गए।
कंटेनर पलटने के बाद जब पुलिस ने उसकी तलाशी ली, तो अंदर का नजारा देखकर सभी हैरान रह गए। कंटेनर के भीतर लगभग 1000 पेटी ‘एम्पायर ब्लू’ ब्रांड की अवैध शराब लदी हुई थी।प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि शराब की पेटियों को छुपाने के लिए उनके ऊपर जिप्सम की बोरियां रखी गई थीं।
बाहर से देखने पर कंटेनर में सामान्य माल लदा हुआ प्रतीत हो रहा था, ताकि किसी को शक न हो। पुलिस का मानना है कि तस्करों ने यह तरीका जांच से बचने के लिए अपनाया था।
पुलिस के अनुसार, पकड़ा गया कंटेनर राँची की ओर जा रहा था। शराब कहां से लाई जा रही थी और इसे किन लोगों तक पहुंचाया जाना था, इसकी गहन जांच की जा रही है। बरामद शराब की बाजार कीमत का भी आकलन किया जा रहा है, जो करोड़ों रुपए में बताई जा रही है।सभी शराब की पेटियों को जब्त कर चंदवा थाना लाया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि फरार चालक और उपचालक की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि अवैध शराब तस्करी के खिलाफ पुलिस का अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

