Ranchi:सिरमटोली फ्लाईओवर रैंप को लेकर आदिवासी संगठनों का प्रदर्शन, फूंका मुख्यमंत्री का पुतला…

 

राँची।राजधानी राँची में बन रहे सिरमटोली फ्लाईओवर रैंप का विवाद एक बार फिर गहरा गया है।पुलिस की उपस्थिति में फिर से सिरमटोली केंद्रीय सरना स्थल के पास रैंप बनाने का काम जोर शोर से शुरू किया गया।इस बीच रविवार को केंद्रीय सरना स्थल बचाओ संघर्ष मोर्चा के बैनर तले आदिवासी संगठनों ने राँची सहित कई जिलों में प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका।राँची में जयपाल सिंह स्टेडियम से आक्रोश मार्च के रूप में बड़ी संख्या में जनजातीय समाज से जुड़े स्त्री-पुरुष नारेबाजी करते हुए अल्बर्ट एक्का चौक पहुंचे। आक्रोशित लोग सर्जना चौक की ओर जाना चाहते थे लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे जाने से रोक दिया। इसके बाद आक्रोशितों ने हेमंत सोरेन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला फूंका।

प्रदर्शन एवं पुतला दहन कार्यक्रम में शामिल नेताओं ने हेमंत सोरेन पर आदिवासी समुदाय के धार्मिक आस्था के स्थान से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया है।उन्होंने कहा कि आज पूरे राज्य में मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया गया है।अगर सिरमटोली में फ्लाईओवर रैंप बनाने का काम तत्काल बंद नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

विभिन्न आदिवासी और सामाजिक संगठनों के आज मुख्यमंत्री का पुतला फूंकने की घोषणा के मद्देनजर राँची पुलिस की ओर से अल्बर्ट एक्का चौक पर सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था की गई थी, जिससे दोपहर से ही अल्बर्ट एक्का चौक का नजारा पुलिस छावनी जैसा था।लगभग ऐसा ही दृश्य सिरमटोली रैंप निर्माण स्थल के पास भी था।रैंप बनाने के काम में कोई बाधा न हो, इसके लिए सिटी एसपी, डीएसपी, मजिस्ट्रेट के साथ-साथ बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों की तैनाती सिरमटोली में की गई थी।

बता दें राजधानी में यातायात व्यवस्था दुरुस्त हो, हजारों लोगों को जाम से मुक्ति मिले इसके लिए डोरंडा से सिरमटोली तक फ्लाईओवर बनाया जा रहा है, जिसका निर्माण कार्य पूरा होना अंतिम चरण में है।आदिवासी और सरना धर्मावलंबियों का कहना है कि सिरमटोली के तरफ रैंप यानी फ्लाई ओवर की समाप्ति स्थल केंद्रीय सरना स्थल के मुख्य द्वार के सामने तक का एरिया पड़ रहा है।आदिवासी समुदाय का कहना है कि रैंप की वजह से उनके धार्मिक स्थल और आस्था का केंद्र केंद्रीय सरना स्थल पर आने जाने में दिक्कत होगी।सरहुल के दिनों में सबसे ज्यादा परेशानी होगी, क्योंकि उस दिन अलग-अलग जगह से अखाड़ा सिरमटोली पहुंचता है।

इधर अलबर्ट एक्का चौक के पास आक्रोश मार्च के दौरान युवा प्रदर्शनकारी सड़क पर ही बैठ गए। इस दौरान पुलिस के साथ हल्की नोकझोंक भी हुई।

error: Content is protected !!