चतरा पुलिस ने ग्रामीणों की पिटाई से घायल युवक की मौत मामले चार आरोपियों को गिरफ्तार कर भेजा जेल,अन्य की तलाश जारी…

 

चतरा।झारखण्ड के चतरा जिले में पिपरवार थाना क्षेत्र के ग्राम चिरैयाटांड़ में 15 फरवरी की रात बच्चा चोर के शक में 40 वर्षीय रामबली रजवार निवासी बरवाटोली, थाना रामगढ़ की ग्रामीणों द्वारा पिटाई कर दी गई थी। इसके बाद रामबली की रिम्स में रविवार की रात इलाज के दौरान मौत हो गई। इस मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रयाग महतो, महेंद्र महतो उर्फ तरुण महतो, सुरेंद्र महतो और बसंत मुंडा शामिल हैं। सभी आरोपी किचटो गांव, थाना पिपरवार के निवासी हैं।बता दें पीड़ित परिवार ने रामबली की मौत के बाद 16 फरवरी को पिपरवार थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी।

चतरा एसपी के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी टंडवा के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम गठित की गई। पुलिस ने घटना से संबंधित वीडियो फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की। परिजनों के अनुसार, रामबली की मानसिक स्थिति कुछ समय से ठीक नहीं थी। छापेमारी टीम में एसडीपीओ प्रभात रंजन बरवार, इंस्पेक्टर उत्तम कुमार तिवारी, थाना प्रभारी अभय कुमार, सब इंस्पेक्टर अभिमन्यु कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। एसडीपीओ का कहना है कि पुलिस मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने कहा कि किसी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं दें और कानून को अपने हाथ में न लें। यदि आसपास कोई संदिग्ध व्यक्ति दिखे तो तुरंत नजदीकी थाना को सूचना दें। पुलिस हर सूचना पर त्वरित कार्रवाई करेगी, इसलिए संयम और सतर्कता बनाए रखे।

error: Content is protected !!